
नई दिल्ली।दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कनॉट प्लेस में एनडीएमसी के दो दिवसीय पुष्प महोत्सव का मंगलवार को उद्घाटन किया। राजधानी में इस कार्यक्रम में मौसमी फूलों और अलग-अलग थीम पर सजी पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में अपने उत्सव की शुरुआत की। कार्यक्रम की शुरुआत एक संक्षिप्त समारोह के साथ हुई जिसमें एनडीएमसी के अधिकारी और आम लोग उपस्थित थे।
दिल्ली को साफ-सुथरा रखना एनडीएमसी- सीएम
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, जी20 हो या हाल में आयोजित एआई इंडिया इम्पैक्ट समिट, जब भी कोई बड़ा आयोजन होता है, एनडीएमसी इलाके को साफ-सुथरा रखने और हजारों ट्यूलिप के फूल लगाने में सराहनीय काम करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अन्य नगर निकायों को राष्ट्रीय राजधानी में अधिक हरित क्षेत्र बनाने के लिए एनडीएमसी से सीखना चाहिए।
दिल्ली में बढ़गी हरियाली
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो हम अन्य एजेंसियों के बागवानी विभाग के कर्मचारियों को एनडीएमसी के तहत प्रशिक्षण लेने के लिए भेजेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार पूरे शहर में हरियाली बढ़ाने में मदद करने के लिए एनडीएमसी को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी।