
बाराबंकी।उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में किसान पारंपरिक खेती को छोड़कर बागवानी की ओर बढ़ रहे है। क्योंकि बागवानों को इससे बेहतर कमाई हो रही है। इन्हीं फायदेमंद फसलों में बेल की खेती किसानों के लिए कमाई का मजबूत जरिया बन रही है। बेल का पौधा बेहद मजबूत होता है और इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह कम पानी, सूखे मौसम और कमजोर मिट्टी में भी आसानी से उग जाता है।
इसकी खेती करने में कम देखभाल की जरूरत
इसकी खेती करने में ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती है। जिससे लागत काफी कम रहती है। एक बार पौधा लगाने के बाद किसान कई सालों तक लगातार फल प्राप्त कर सकते हैं। मार्च बीतने के बाद जैसे ही गर्मियों के मौसम शुरू होता है बेल की मांग बाजार में काफी बढ़ जाती है, क्योंकि इसका फल और शरबत दोनों ही सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है।
सालों से बेल की बागवानी
बाराबंकी जिले के एक किसान को बेल की बागवानी से अच्छा मुनाफा हो रहा है। इसके लिए वह काफी सालों से बेल की बागवानी कर रहे हैं। जनपद बाराबंकी के सहेलिया गांव के रहने वाले किसान मोहम्मद हारून ने पारंपरिक फसलों के साथ बागवानी फसलों की शुरुआत की, जिसमें उन्हें अच्छा फायदा देखने को मिला। आज करीब 1 एकड़ में बेल की बागवानी कर एक सीजन में डेढ़ से दो लाख रुपये का मुनाफा कमा रहे हैं।