कठुआ। जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के फ्लोरीकल्चर विभाग ने व्यावसायिक फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया। रविवार को यह कार्यक्रम केंद्र प्रायोजित योजना एमआईडीएच के तहत किया गया। इसमें किसानों और युवाओं को फूलों की खेती शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया।
फूलों की खेती से बेहतर कमाई
कार्यक्रम में उपायुक्त राजेश शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने बताया कि कृषि और इससे संबंधित विभाग किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और हर संभव सहयोग देने में मदद करेंगे। उपायुक्त ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अपार संभावनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों, उन्नत खेती के तरीकों, प्रशिक्षण सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता के माध्यम से युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
फूलों की खेती की जानकारी दी गई
फ्लोरीकल्चर विभाग के प्रतिनिधि ने फूलों की खेती से संबंधित विभिन्न योजनाओं और अनुदान के बारे में जानकारी दी। केवीके कठुआ के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. विशाल महाजन ने किसानों को स्थानीय जलवायु के अनुसार उपयुक्त फूलों की किस्मों के चयन पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस मौके पर प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव भी साझा किए और किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।