
शिमला।हिमाचल प्रदेश के रोहडू में सेब के बगीचों में सामान्य समय पर फूल आने के बजाय कई स्थानों पर पत्तियां निकलने के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे निचले क्षेत्रों के कई बगीचों में पैदावार पर प्रतिकूल असर पड़ने के रूझान आने शुरू हो गए हैं। विशेष रूप से कम और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में समस्या अधिक देखने को मिल रही है। बागवानों का कहना है कि तापमान में असामान्य उतार-चढ़ाव, समय से पहले गर्मी का बढ़ना, आजकल फिर तापमान में कमी और सर्दियों में पर्याप्त ठंड न पड़ना इसके मुख्य कारण हैं। सेब के पेड़ों को एक निश्चित अवधि तक सुषुप्तावस्था में ठंडे तापमान की आवश्यकता होती है, जो इस बार पूरी नहीं हो पाई।
तापमान एक मानक पर रहना जरुरी
अब आजकल मापमान एक मानक पर रहना जरूरी होता है, लेकिन बारिश और खराब मौसम के कारण दिन के समय धूप, बारिश और रात को अधिक ठंड फूल को प्रभावित कर रही है। बागवानों के अनुसार, पिछले वर्ष समय से पहले पतझड़ होने के कारण इस बार पेड़ों का प्राकृतिक चक्र भी प्रभावित हुआ है। कई बागवानों का मानना है कि पिछले साल अत्यधिक पैदावार भी इस बार कम उत्पादन का एक कारण बन सकती है।