
नई दिल्ली।मार्च से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे और अब अप्रैल में हालत और ज्यादा खराब होने वाली है। ऐसे में जहां आम फसलें प्रभावित होती हैं, वहीं किसानों के लिए एक शानदार मौका भी है रबी सीजन खत्म होने के बाद खेत खाली पड़े हैं, तो इस समय जायद में फूलों की खेती करके अच्छी कमाई की जा सकती है।
गर्मी में भी खिलता है नौरंगा फूल
सागर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. के. एस. यादव बताते हैं कि ग्लैडिया जिसे किसान ‘नौरंगा’ भी कहते हैं गर्मी में उगाने के लिए सबसे बढ़िया फसल है। ये फूल 42-44 डिग्री तापमान में भी आसानी से टिक जाता है और अच्छी पैदावार देता है। इसके रंग-बिरंगे फूल बाजार में काफी डिमांड में रहते हैं।
कैसे शुरू करें इसकी खेती
इसकी खेती के लिए ज्यादा झंझट नहीं है। एक हेक्टेयर में करीब 500 ग्राम बीज काफी होता है। पहले नर्सरी तैयार करें, फिर पौधे बड़े होने पर खेत में ट्रांसप्लांट कर दें। खेत की अच्छी तरह जुताई करें और उसमें गोबर की खाद, नत्रजन, फास्फोरस और पोटाश मिलाएं।
कम पानी में भी बढ़िया उत्पादन
इस फसल की खास बात ये है कि इसमें ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती। 7 से 10 दिन के अंतर में सिंचाई करें और जरूरत के अनुसार यूरिया का छिड़काव करते रहें। करीब 70-75 दिन में फूल आना शुरू हो जाते हैं और लंबे समय तक उत्पादन मिलता रहता है।