रायपुर।आमतौर पर गुलाब को प्यार का प्रतिक लोग मानते है। लेकिन क्या आप जानते है गुलाब की खेती से बेहतर कमाई की जा सकती है। सूरजपुर जिले के एक किसान ने इसे अपनी सफलता का आधार बना दिया है। ग्राम डुमरिया निवासी किसान भोला प्रसाद अग्रवाल ने गुलाब की आधुनिक खेती कर बेहतर कमाई कर रहा है। वर्ष 2023 में उन्होंने पारंपरिक खेती से हटकर उन्नत तकनीक की ओर कदम बढ़ाया। करीब 2 एकड़ भूमि में उन्होंने दो अत्याधुनिक पॉलीहाउस स्थापित किए। इस परियोजना पर लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत आई, जिसमें 90 लाख रुपये बैंक ऋण, 30 लाख रुपये स्वयं की पूंजी और राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड से 50 प्रतिशत अनुदान शामिल है।
80 हजार गुलाब लगाए गए है
इन पॉलीहाउस में डच किस्म के करीब 80 हजार गुलाब पौधे लगाए गए हैं। नियंत्रित तापमान और वैज्ञानिक पोषण प्रबंधन के कारण यहां सालभर उत्पादन होता है। वर्तमान में इस फार्म से प्रतिदिन औसतन 3 से 4 हजार गुलाब स्टिक का उत्पादन हो रहा है। तैयार फूलों की आपूर्ति बनारस, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के विभिन्न बाजारों में की जाती है।
गुलाब की खेती से बेहतर कमाई
आज उनकी पहल न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है, बल्कि आसपास के लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रही है। सूरजपुर में गुलाब की खेती का आधुनिक मॉडल यह साबित करता है कि सही योजना, आधुनिक तकनीक और मेहनत के साथ खेती भी लाभ का सशक्त माध्यम बन सकती है।