Organic Fertilizer Coconut Shell : नारियल का छिलका फेंकने से पहले जान लें इसका बड़ा फायदा, ऐसे तैयार करें फ्री खाद

    11-May-2026
Total Views |

Organic Fertilizer Coconut Shell :
अगर आपको बागवानी का थोड़ा भी शौक है तो निश्चित तौर पर आप चाहते होंगे कि आपके पौधे बिना केमिकल वाली महंगी खाद के हरे-भरे और स्वस्थ रहें। इसमें आपके घर में पड़ा नारियल का सूखा छिलका बेहद काम आ सकता है। नारियल के छिलके से बनी खाद न केवल मिट्टी की गुणवत्ता सुधारती है, बल्कि पौधों को जरूरी पोषण भी देती है। आइये आपको बताते हैं कि नारियल के छिलकों से घर पर ही नेचुरल और असरदार खाद कैसे बना सकते हैं ।

नारियल के सूखे छिलकों में प्राकृतिक रूप से नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटेशियम, जिंक और कॉपर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पौधों की अच्छी बढ़त के लिए जरूरी हैं। यही वजह है कि इससे बनी खाद पौधों की जड़ों को मजबूत करने और मिट्टी की जलधारण क्षमता बढ़ाने में मदद करती है।

ये हैं इसके फायदे
* मिट्टी को भुरभुरी और जलधारक बनाता है
* कैमिकल फर्टिलाइजर की तुलना में सुरक्षित
* पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प
* पौधों की जड़ों को मजबूती देता है

ऐसे बनाएं नारियल के छिलके से खाद
यह प्रक्रिया बेहद आसान है और इसमें कोई खर्च नहीं आता। बस कुछ स्टेप्स फॉलो करें:

* पुराने सूखे नारियल के छिलकों को इकट्ठा कर लें. अगर वो धूप में रखे हों तो और भी बेहतर।
* इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सर या ग्राइंडर में पीस लें.
* पिसे हुए छिलकों को एक बाल्टी पानी में 4-5 दिनों के लिए भिगोकर छोड़ दें। इस दौरान वह धीरे-धीरे सड़ने लगते हैं।
* जब रंग थोड़ा काला हो जाए और हल्की सी सड़न की गंध आने लगे, तब उसे छान लें और धूप में सुखाएं।
* सूखने के बाद जो बड़े रेशे बचे हों उन्हें हटा दें। अब आपकी खाद उपयोग के लिए तैयार है।

ऐसे करें उपयोग

* इसे गमले की मिट्टी में अच्छे से मिलाकर पौधे के पास डालें ताकि यह धीरे-धीरे पोषण देता रहे।
* अगर मिट्टी पहले से भरी हुई है, तो गमले की मिट्टी की ऊपरी परत में हल्की गुड़ाई करें और इस खाद को ऊपर से छिड़क दें। इसके बाद हल्का पानी दें ताकि खाद नीचे तक पहुंच सके।