Vegetable Prices Hike : रसोई चलाना हुआ मुश्किल! बरसात से पहले ही आलू से लेकर लहसुन तक सब महंगा

    11-May-2026
Total Views |

Vegetable Prices Hike  :
देश भर में मानसून ने अभी दस्तक भी नहीं दी है लेकिन सब्जियों के बढ़ते दामों ने आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली-एनसीआर सहित कई शहरों में सब्जियां बेहद महंगी हो गई हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भिंडी 60 रुपये किलो बिक रही है। जबकि नींबू 200 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। सब्जी के दुकानदारों का कहना है कि गर्मी से खपत बढ़ने के कारण नींबू महंगा हो गया है। आने वाले दिनों में तपिश बढ़ने पर कीमत और बढ़ सकती है। गौरतलब है कि दिल्ली से ज्यादा कोलकाता में सब्जियां महंगी बिक रही हैं। यहां आलू का रेट 25 रुपये किलो हो गया है।

कोलकाता के बाजारों में सब्जियों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। करेला, परवल, बैंगन और आलू जैसी सब्जियों के दाम 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। वहीं खाना बनाने में रोज इस्तेमाल होने वाला लहसुन और अदरक भी काफी महंगा हो गया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। कोलकाता में कारोबारियों और ग्राहकों का कहना है कि पिछले दो हफ्तों में रोजमर्रा की ज्यादातर सब्जियों के दाम तेजी से बढ़े हैं।

दुकानदारों के मुताबिक, लहसुन और अदरक की 100 ग्राम कीमत 15 रुपये से बढ़कर 20 रुपये हो गई है। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि टमाटर और परवल की कीमत 30 रुपये किलो से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गई है। वहीं करेला भी 40 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि तेज गर्मी की वजह से स्थानीय फसलें प्रभावित हुई हैं और अनियमित सप्लाई के कारण बाजार में सब्जियों की उपलब्धता कम हो गई है। इसी का असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है।

फूलगोभी के दाम सबसे ज्यादा अस्थिर रहे हैं। दक्षिण भारत से आने वाली बड़ी फूलगोभी 50 रुपये प्रति पीस बिक रही है, जबकि स्थानीय छोटी फूलगोभी 30 रुपये में मिल रही है। सप्लाई स्थिर नहीं होने के कारण हर हफ्ते कीमतों में उतार-चढ़ाव हो रहा है। वहीं अब अंडों की कीमत भी बढ़ गई है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ी है। दक्षिण कोलकाता के एक बाजार के दुकानदार ने बताया कि एक दर्जन अंडों की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 76.50 रुपये हो गई है।