Pointed Gourd Kitchen Gardening : परवल खाना पसंद है तो बाजार मत जाओ, घर में उगाओ और मज़े से खाओ

    12-May-2026
Total Views |

Pointed Gourd Kitchen Gardening :
क्या आपको परवल की सब्ज़ी पसंद है ? अगर हाँ तो मार्केट से परवल लाना छोड़ो और घर पर खुद अपने गार्डन में परवल उगाओ। खास बात यह है कि इसके लिए आपको किसी विशेष अनुभव की भी ज़रूरत नहीं है।

अगर आप भी अपने घर में ताजे परवल उगाना चाहते हैं, तो किचन गार्डन आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकता है। परवल एक ऐसी सब्जी है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद मानी जाती है। ऐसे में अगर आप भी बाहर से सब्जी खरीदने की टेंशन कम करना चाहते हैं और अपने घर की छत, बालकनी या छोटे से खाली कोने में ताजे परवल उगाना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं इसे लगाने और देखभाल करने का आसान तरीका।

सही मिट्टी और बीज का चुनाव है जरूरी
परवल उगाने के लिए सबसे पहले अच्छी मिट्टी का चुनाव करना बहुत जरूरी होता है। कोशिश करें कि मिट्टी नरम और पानी निकालने वाली हो, ताकि पौधे की जड़ें खराब न हों। साथ ही मिट्टी में गोबर की खाद या कम्पोस्ट मिला दें, इससे पौधे को अच्छा पोषण मिलता है। वही परवल के बीज या छोटे पौधे नर्सरी से आसानी से मिल जाते हैं। अगर जगह कम है तो बड़े गमले या ग्रो बैग में भी इसे लगाया जा सकता है। इसके लिए बीज लगाने के बाद हल्का पानी दें और ध्यान रखें कि मिट्टी ज्यादा सूखी न रहे। कुछ दिनों में छोटे-छोटे पौधे निकलने लगेंगे।

बेल की सही देखभाल से मिलेगा अच्छा फल
परवल की बेल तेजी से फैलती है, इसलिए इसे सहारा देना बहुत जरूरी होता है। आप रस्सी, लकड़ी या जाली का इस्तेमाल कर सकते हैं ताकि बेल ऊपर की तरफ बढ़ सके। पौधे को रोज थोड़ा-थोड़ा पानी दें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें इससे जड़ें सड़ सकती हैं। वही धूप भी परवल के लिए बहुत जरूरी है, इसलिए पौधे को ऐसी जगह रखें जहां कम से कम 5 से 6 घंटे धूप आती हो। अगर पौधे पर कीड़े दिखाई दें तो नीम के पानी का छिड़काव कर सकते हैं।

अगर सही तरीके से देखभाल की जाए तो करीब 3 से 4 महीने में परवल की बेल फल देना शुरू कर देती है। शुरुआत में छोटे-छोटे परवल दिखाई देंगे, जो धीरे-धीरे बड़े हो जाते हैं। साथ ही घर में उगाए गए परवल का स्वाद बाजार की सब्जियों से काफी अलग और ताजा होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें किसी तरह के केमिकल या मिलावट का डर नहीं रहता।