Mint Plant Gardening Hack : पुदीने को चाहिए थोड़ी सी एक्स्ट्रा केयर, फिर पूरी गर्मी देगा आपको ताजगी

    12-May-2026
Total Views |

Mint Plant Gardening Hack :
तेज गर्मी और लू के कारण अक्सर पुदीने के पौधे सूखते हैं, लेकिन सही देखभाल और कुछ स्मार्ट तकनीकों की मदद से गर्मियों में भी पुदीना हरा-भरा और खुशबूदार रखा जा सकता है। अक्सर देखा जाता है कि मई-जून की गर्मी में पुदीना सूखने लगता है या उसकी पत्तियां पीली पड़कर गिरने लगती हैं लेकिन अगर आप कुछ स्मार्ट और मॉडर्न तरीके अपनाएं, तो आपका पुदीना इस मौसम में भी हरा-भरा और खुशबूदार बना रह सकता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक पुदीने को सीधे धूप से बचाना चाहिए और उसकी जड़ों में नमी बनाये रखना ज़रूरी है। इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां सुबह की 2-3 घंटे की धूप मिले और दोपहर में छाया रह। अगर आपने इसे छत या बालकनी में रखा है तो ग्रीन नेट का इस्तेमाल करना एक अच्छा ऑप्शन है। पानी देने के मामले में भी आपको थोड़ा ध्यान देना पड़ेगा।

सिर्फ मिट्टी में पानी डालना काफी नहीं है, बल्कि शाम के समय स्प्रे बोतल से पत्तियों पर पानी छिड़कें। इससे पौधे का तापमान कम रहता है और उसे वह नमी मिलती है जिसकी उसे सख्त जरूरत होती है। याद रखें कि मिट्टी को हमेशा नम रखें, लेकिन गमले में पानी जमा न होने दें। वरना जड़ें सड़ सकती हैं।

पुदीने की ग्रोथ को बूस्ट करने के लिए मिट्टी में नाइट्रोजन युक्त खाद, जैसे वर्मीकम्पोस्ट या पुरानी गोबर खाद का इस्तेमाल करें। गर्मी के दिनों में मल्चिंग तकनीक बहुत काम आती है। गमले की ऊपरी मिट्टी को सूखे पत्तों या घास से ढक दें जिससे नमी जल्दी न उड़े। इसके अलावा, पुदीने की पत्तियों को नियमित रूप से ऊपर से तोड़ते रहें यानी पिंचिंग करें ।

जितना ज्यादा आप इसे ऊपर से काटेंगे। पौधा उतना ही घना और झाड़ीनुमा बनेगा। अगर आपको लगे कि पत्तियां पीली हो रही हैं तो एप्सम साल्ट का हल्का छिड़काव पत्तियों में फिर से ताजगी भर सकता है। सही देखभाल से पूरी गर्मी ताजा पुदीने का आनंद लिया जा सकता है।