Kantola Profitable Farming : बंजर जमीन से भी होगी तगड़ी कमाई, बस शुरू करें इस सब्जी की खेती

    13-May-2026
Total Views |

Kantola Profitable Farming :
कंटोला की खेती आज किसानों के लिए जबरदस्त मुनाफे का जरिया बनती जा रही है। कई जगह पर ककोड़ा के नाम से पहचानी जाने वाली ये सब्ज़ी कम लागत और अधिक कमाई की वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इसके जरिये आप अपनी बंजर जमीन से भी लाखों की कमाई कर सकते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एक बार लगाने पर सालों तक कमाई देता है।

मार्केट में कंटोला की डिमांड इतनी ज्यादा है कि सीजन की शुरुआत में इसका रेट 150 से 300 रुपये प्रति किलो तक आसानी से पहुंच जाता है। इसकी खेती की शुरुआत करने का सबसे सही समय जून और जुलाई का महीना होता है, जब मानसून की दस्तक होती है।

अगर आपके पास सिंचाई की अच्छी सुविधा है तो आप फरवरी-मार्च में भी इसकी बुवाई कर सकते हैं। कंटोला की खेती के लिए गर्म और नमी वाली जलवायु सबसे बेस्ट मानी जाती है। जिससे इसकी बेलें तेजी से फैलती हैं। मिट्टी की बात करें तो कंटोला वैसे तो हर तरह की जमीन पर उग आता है लेकिन रेतीली दोमट मिट्टी इसके लिए सबसे शानदार रहती है।

खेत तैयार करते समय जल निकासी का अच्छा इंतजाम होना जरूरी है जिससे पानी न ठहरे। मिट्टी को उपजाऊ बनाने के लिए इसमें गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट डालना जरूरी होता है। इसकी बुवाई के दो तरीके हैं बीज और कंद। अगर आप जल्दी पैदावार चाहते हैं तो कंद का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर रहता है।

बुवाई के समय नर और मादा पौधों का अनुपात सही रखना बहुत जरूरी है। आमतौर पर 10 मादा पौधों के बीच 1 नर पौधा लगाने से पॉलिनेशन अच्छा होता है और फल भी ज्यादा मात्रा में आते हैं। कंटोला की बेलों को सहारा देने के लिए मचान विधि का इस्तेमाल करना चाहिए।
इस फसल में लागत बहुत कम आती है क्योंकि इसे बहुत ज्यादा खाद या कीटनाशकों की जरूरत नहीं पड़ती।

यह एक नेचुरल और जंगली सब्जी की कैटेगरी में आती है। इसलिए इसमें बीमारियों से लड़ने की ताकत ज्यादा होती है। बस समय-समय पर निराई-गुड़ाई करते रहें जिससे खरपतवार पौधों का पोषण न छीन सके।

बुवाई के करीब 70 से 80 दिनों बाद फसल तैयार हो जाती है और आप इसकी तुड़ाई शुरू कर सकते हैं। एक बार निवेश करने के बाद आप इसकी जड़ों को जमीन में सुरक्षित रखकर अगले साल फिर से फसल ले सकते हैं। हेल्थ बेनिफिट्स और बढ़ती डिमांड की वजह से शहरों में कंटोला की बिक्री तेजी से बढ़ रही है, जिससे किसान भाई इससे लाखों का मुनाफा कमा रहे हैं।