
Tulsi Plant Care : दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। तापमान 43 से 45 तक पहुंच रहा है, जिससे इंसानों के साथ पेड़ पौधों पर इसका भी असर हो रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी भी जारी की है कि जून तक तापमान और भी ज्यादा बढ़ सकता है। इतनी गर्मी में पेड़-पौधे भी या तो मुरझा जाते हैं या झुलस जाते हैं।
तुलसी एक ऐसा पौधा है जो लगभग हम सभी के घरों में लगा होता है। लेकिन कई बार जब गर्मी अपने चरम पर होती है, यानी तापमान जब 45 डिग्री को पार करता है तो तुलसी का पौधा झुलस जाता है। ऐसे में अगर आप भी हाई टेंपरेचर में तुलसी को हरा-भरा रखना चाहते हैं तो हम आपको एक आसान तरीका बता रहे हैं।
गार्डनिंग जानकारों के मुताबिक, तुलसी के गमले में मल्चिंग करने से पौधा सूखता नहीं है। यही एक छोटी-सी ट्रिक है जो पौधे को तेज गर्मी में भी बचाकर रखती है।
सबसे पहले गमले की ऊपर की मिट्टी की थोड़ी सी खुदाई कर दें। अब सूखी घास, सूखे पत्ते या फिर नारियल का छिलका लें। इसे मिट्टी के ऊपर एक लेयर में बनाकर फैला दें। बस ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा मात्रा में इसका इस्तेमाल न करें। वरना जड़ तक हवा नहीं पहुंच पाएगी।
ऐसा करने से मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहती है। पानी जल्दी सूखता नहीं है। वहीं, जड़ों तक तेज गर्मी नहीं पहुंच पाती है। अगर आप ये तरीका अपनाती हैं तो पौधा हरा-भरा और फ्रेश रहता है।
पानी रोज़ हमेशा सुबह जल्दी या शाम को ही दें। कोशिश करें कि दोपहर में पानी न दें।
तुलसी को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आए। इसे ऐसी जगह न रखें जहां तेज धूप आए। हफ्ते में एक बार मिट्टी की खुदाई जरूर करें। सूखे पत्तों को समय-समय पर हटाते रहें। गमले में पानी जमा न होने दें।
इस आसान तरीके को अपनाने के बाद आप देखेंगे कि तुलसी के पत्ते सूखेंगे नहीं। इससे पौधा ज्यादा हरा-भरा रहेगा। गर्मी में भी इसकी ग्रोथ तेजी से होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, थोड़ी सी देखभाल और यह आसान देसी तरीका अपनाकर तेज गर्मी में भी तुलसी के पौधे को हरा-भरा और ताजा रखा जा सकता है।