Capsicum Farming Tips: शिमला मिर्च की खेती इन दिनों किसानों के बीच तेजी से फेमस हो रही है। खरीफ सीजन में कम समय में ज़्यादा मुनाफा देने वाली फसलों में शिमला मिर्च को बेटर ऑप्शन माना जा रहा है। बाजार में शिमला मिर्च की डिमांड पूरे साल बनी रहती है। होटल, रेस्टोरेंट, फास्ट फूड सेंटर और ऑनलाइन सब्जी प्लेटफॉर्म पर इसकी खपत लगातार बढ़ रही है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर किसान सही समय पर बुवाई करें और आधुनिक तकनीक अपनाएं, तो सिर्फ दो महीने में फसल तैयार हो सकती है। इससे किसानों को जल्दी कमाई का मौका मिलता है।
खरीफ सीजन शुरू होते ही किसान ज्यादा मुनाफे वाली फसलों की तैयारी शुरू कर देते हैं। शिमला मिर्च ऐसी सब्जी मानी जाती है, जिसकी बाजार में लगातार मांग बनी रहती है। जून से नवंबर तक का समय इसकी खेती के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इस दौरान तापमान फसल के लिए अनुकूल रहता है और पौधों की बढ़वार अच्छी होती है। अगर किसान मल्चिंग तकनीक का इस्तेमाल करें, तो मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहती है। इससे पौधों की ग्रोथ बेहतर होती है और खरपतवार की समस्या भी कम होती है। इसके अलावा रंगीन शिमला मिर्च की मांग बाजार में ज्यादा रहती है, जिससे किसानों को बेहतर कीमत मिल सकती है।
शिमला मिर्च की खूबी ये है कि इसकी फसल जल्दी तैयार हो जाती है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार नर्सरी से पौधे लगाने के बाद करीब 60 दिनों में तुड़ाई शुरू हो जाती है। अगर किसान हाइब्रिड बीजों का इस्तेमाल करें, तो उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बेहतर मिलते हैं। इससे बाजार में फसल की कीमत भी अच्छी मिलती है।
जानकारों का कहना है कि समय पर सिंचाई, सही खाद और कीट नियंत्रण पर ध्यान देकर किसान उत्पादन को और बढ़ा सकते हैं। कम समय में फसल तैयार होने की वजह से यह खेती छोटे और मध्यम किसानों के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है।
आज खेती में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और शिमला मिर्च की खेती में भी इसका अच्छा फायदा देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञ ड्रिप इरिगेशन यानी बूंद-बूंद सिंचाई तकनीक अपनाने की सलाह देते हैं। इस तकनीक से पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचता है, जिससे पानी की बचत होती है और पौधों को सही मात्रा में नमी मिलती रहती है।
ड्रिप सिस्टम से खाद का असर भी तेजी से होता है। इससे पौधों की बढ़वार बेहतर होती है और उत्पादन बढ़ने की संभावना रहती है। इसके अलावा पॉलीहाउस और मल्चिंग जैसी तकनीकें भी किसानों को बेहतर उपज दिलाने में मदद कर रही हैं। कम पानी में ज्यादा उत्पादन मिलने की वजह से यह खेती उन इलाकों में भी फायदेमंद साबित हो सकती है, जहां पानी की कमी रहती है।
विशेषज्ञों के अनुसार अगर किसान एक बीघा में इसकी खेती करते हैं, तो शुरुआती लागत करीब 25 हजार रुपये तक आ सकती है। इसमें बीज, खाद, सिंचाई और देखभाल का खर्च शामिल होता है। अगर किसान सही तकनीक अपनाएं तो एक सीजन में करीब 1.5 लाख रुपये तक का मुनाफा कमाया जा सकता है। खासकर रंगीन और अच्छी क्वालिटी वाली शिमला मिर्च बाजार में ज्यादा कीमत पर बिकती है।