
Areca Palms Care Tips : घर को खूबसूरत बनाने के लिए इंडोर प्लांट्स आजकल लोगों की पहली पसंद बन चुके हैं। ये इंडोर प्लांट्स आपके लिविंग रूम की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आस-पास की हवा को भी तरोताजा रखने में मदद करते हैं। इन्हीं पौधों में से एरेका पाम भी है।
इसकी हरी-भरी और लंबी पत्तियां लिविंग रूम को तो खूबसूरत बनती ही हैं और इससे घर का माहौल भी अच्छा बना रहता है। लोग इस पौधे को घर के लिविंग रूम और ऐसे कई स्थानों पर लगाते हैं जहां से आपके घर की खूबसूरती बढ़ जाए। वैसे तो इस पौधे की देखभाल की ज्यादा जरूरत नहीं होती है, लेकिन अगर आप थोड़ी सी भी लापरवाही करती हैं तो यह पौधा सूखने लगता है। सही देखभाल न मिलने की वजह से पौधा जल्दी खराब होने लगता है या फिर घना नहीं हो पाता है। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपका एरेका पाम का पौधा लंबे समय तक हरा-भरा और घना बना रहे, तो इसकी देखभाल से जुड़ी कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
सही मिट्टी का चुनाव करेंएरेका पाम की अच्छी ग्रोथ के लिए सबसे जरूरी चीज इसकी मिट्टी होती है। अगर इस पौधे की मिट्टी सही नहीं होती है तो यह पौधा सूखने लगता है और इसकी पत्तियां भी झड़ने लगती हैं। इस पौधे के लिए मिट्टी तैयार करते समय आपको 60% गार्डन सॉइल और 20% रेत मिलानी चाहिए। वहीं 10 से 15 % खाद मिलाकर मिट्टी तैयार करें। इस तरह की हल्की लेकिन थोड़ी सख्त मिट्टी में एरेका पाम की जड़ें बेहतर तरीके से बढ़ती हैं और पौधा ज्यादा समय तक हरा-भरा बना रहता है।
रौशनी में रखें पर धूप में नहीं एरेका पाम को रोशनी तो बहुत पसंद है, लेकिन इसे सीधी धूप नहीं पसंद। अगर इसे तेज धूप में रख दिया जाता तो इसकी पत्तियां जल्दी ही पीली होने लगती हैं और पौधे की खूबसूरती भी कम हो जाती है। अगर आप इस पौधे को धूप दिखाना चाहती हैं, तो कोशिश करें कि सुबह की हल्की धूप ही दिखाएं। सुबह इस पौधे को एक से दो घंटे के लिए धूप में रख सकती हैं।
पत्तियों पर पानी का स्प्रे करेंइंडोर प्लांट्स के लिए नमी बहुत जरूरी होती है, लेकिन एरेका पाम को ओवर वाटरिंग से बचाना चाहिए। एरेका पाम की पत्तियों पर समय-समय पर पानी का स्प्रे करना अच्छा रहता है। इससे पत्तियां ताजी और चमकदार रहती हैं और पौधा तेजी से बढ़ता है। एरेका पाम की देखभाल में सबसे बड़ी गलती ओवर वाटरिंग होती है। इसलिए इसमें पानी देते समय पहले मिट्टी को चेक करें और मिट्टी सूखने पर ही इसे पानी दें।
कीड़ों से बचाने के लिए कई बार एरेका पाम की पत्तियों पर धब्बे या कीड़े लग जाते हैं। ऐसे में आप नीम ऑयल स्प्रे का इस्तेमाल इसकी पत्तियों पर कर सकती हैं। अगर किसी पत्ती पर ज्यादा दाग या नुकसान दिखाई देते हैं तो उसे काट देना बेहतर होता है, जिससे बाकी पत्तियां सुरक्षित रहें। एरेका पाम को बहुत ज्यादा खाद की जरूरत नहीं होती। इसे हर 2 महीने में एक बार हल्का लिक्विड फर्टिलाइजर देना ही काफी होता है। इसके लिए आप कंपोस्ट या खाद को पानी में मिलाएं और कुछ समय बाद वही पानी पौधे में डाल दें। इससे पौधे की पत्तियां लंबे समय तक हरी-भरी बनी रहती हैं।
हफ्ते में एक बार मिट्टी की गुड़ाई करेंपौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी का हल्का ढीला होना जरूरी होता है। इसलिए हफ्ते में एक बार मिट्टी की गुड़ाई जरूर करें। ऐसा करने से जड़ों तक हवा पहुंचती है और मिट्टी ज्यादा उपजाऊ बनती है। यही नहीं इससे पौधा ज्यादा तेजी से बढ़ता है और इसकी पत्तियां भी हरी-भरी बनी रहती हैं।
अगर आप भी यहां बताई टिप्स को फॉलो करेंगे तो एरेका पाम का पौधा ज्यादा हरा-भरा बना रहेगा और फ्रेश बना रहेगा।