Watering Hack For Summer : घूमने जा रहे तो भी हफ्तों तक नहीं सूखेंगे पौधे! पुरानी टी-शर्ट से करें ये कमाल का जुगाड़

    21-May-2026
Total Views |

Watering Hack For Summer :
बच्चों की समर वेकेशन स्टार्ट होने वाली है। ऐसे में हम पहाड़ों पर घूमने या रिश्तेदारों के घर जाने की प्लानिंग तो कर लेते हैं, लेकिन घर में रखे हरे-भरे पौधों की चिंता हमें परेशान करने लगती है। हमें लगता है कि उनके पीछे से पौधे सूख जाएंगे।

अब आपको इसके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। आपकी अलमारी में पड़ी एक पुरानी सूती टी-शर्ट आपके गार्डन के लिए लाइफ सेवर साबित हो सकती है। ऐसे में इनके बारे में पता होना जरूरी है। चलिए हम आपको बताते हैं कि कैसे एक बेकार कपड़े की मदद से आप अपने पौधों को हफ्तों तक हाइड्रेटेड रख सकते हैं?

दरअसल, गर्मियों में तेज धूप और गर्म हवा की वजह से गमलों की मिट्टी बहुत जल्दी सूख जाती है। पानी पौधौं की बस प्यास नहीं बुझाता, बल्कि उनके भोजन बनाने का प्रोसेस का ये पानी मुख्य आधार है। अगर मिट्टी लंबे समय तक सूखी रहे, तो जड़ों तक पोषक तत्व नहीं पहुंच पाते और पौधा मुरझाने लगता है। खास तौर पर गर्मियों में, नियमित पानी न मिलने से पौधे की कोशिकाएं डैमेज हो जाती हैं, जिससे वह हमेशा के लिए सूख सकता है। ऐसे में आपके न होने पर भी नमी का बने रहना जरूरी है।

क्यों फायदेमंद है सूती टी-शर्ट
सूती कपड़े में पानी को सोखकर धीरे-धीरे छोड़ने की क्षमता होती है। सिंथेटिक कपड़ों के विपरीत, कॉटन के रेशे पानी को एक पाइप की तरह एक जगह से दूसरी जगह ले जा सकते हैं। यह कपड़ा मिट्टी में दबाने पर गलता नहीं है और नमी को लंबे समय तक रोक कर रखता है। साथ ही, यह एक ईको-फ्रेंडली तरीका है जिससे आप घर के कचरे को रीसायकल कर अपने बगीचे को बचा सकते हैं। ऐसे में ये एक अच्छा विकल्प है।

किस तरह पुरानी टी-शर्ट का इस्तेमाल
अगर आप कई दिनों के लिए बाहर जा रहे हैं, तो सबसे पहले पुरानी टी-शर्ट को लंबी पट्टियों में काट लें। फिर उन्हें रस्सी की तरह गूंथ लें। अब एक बड़ी बाल्टी को पानी से भरें और उसे गमले से थोड़े ऊंचे स्थान पर रखें। अब आप टी-शर्ट की पट्टी का एक सिरा बाल्टी की तली में डालें और दूसरा सिरा गमले की मिट्टी में 2-3 इंच गहरा गाड़ दें। कपड़ा धीरे-धीरे बाल्टी से पानी सोखकर मिट्टी तक पहुंचाता रहेगा।

इसके बाद अगर आप केवल 2-3 दिन के लिए बाहर जा रहे हैं, तो टी-शर्ट को गीला करके गमले की ऊपरी मिट्टी पर चारों ओर लपेट दें। यह सूरज की सीधी धूप को मिट्टी तक पहुंचने से रोकेगा और नमी बरकरार रखेगा।

गमला भरते समय पुरानी टी-शर्ट के टुकड़ों को मिट्टी के बीच में दबा दें। ये टुकड़े स्पंज की तरह पानी जमा कर लेंगे और जब मिट्टी सूखेगी, तो जड़ों को नमी देते रहेंगे।

यह तरीका न सिर्फ आसान और सस्ता है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बेहतर माना जाता है। इससे पुराने कपड़ों का दोबारा इस्तेमाल भी हो जाता है और पौधे भी लंबे समय तक हरे-भरे बने रहते हैं।