Kesar Farming At Home : अब सर्द पहाड़ नहीं, कंट्रोल्ड कमरे में उगेगा केसर

    22-May-2026
Total Views |

Kesar Farming At Home :
केसर को दुनिया का सबसे महंगा मसाला माना जाता हैं। इसकी खेती बेहद मुश्किल होती है इसलिए बाजार में इसकी कीमत भी ज़्यादा होती है। भारत में सबसे अच्छी क्वालिटी का केसर कश्मीर में उगाया जाता है, जिसकी बाजार कीमत कम से कम 3 से 3.5 लाख रुपये होती है। अब तक केसर की खेती केवल ठंडे और पहाड़ी इलाकों तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन अब नई तकनीक की मदद से इसे घर के एक कमरे में भी उगाया जा सकता है।

इस तकनीक को एरोपॉनिक्स कहते हैं, जिसमें एक कमरे का तापमान कंट्रोल करके केसर की खेती की जाती है। बता दें कि पहले ये तकनीक ईरान, चीन और स्पेन में लोकप्रिय थी लेकिन अब भारत में इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है।

घर पर कैसे उगायें केसर

घर पर केसर की खेती करना बेहद आसान है, इसके लिये एक खाली कमरा, अच्छी किस्म के बीज, मिट्टी-खाद और पानी के साथ कमरे का तापमान कंट्रोल करने के लिये एसी की जरूरत होती है।

* सबसे पहले एक खाली कमरे में एरोपॉनिक तकनीक का ढांचा तैयार करें और एयर कंडीशनर भी लगायें।
* इस कमरे में दिन का तापमान 17 डिग्री और रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए।
* केसर की अच्छी पैदावार के लिये कमरे में 80 से 90 डिग्री तक ह्यूमिडिटी भी बनायें।
* बता दें कि केसर की खेती के लिये रेतीली, चिकनी, बलुई या फिर दोमट मिट्टी की जरूरत होती है।
* एरोपॉनिक ढांचे में मिट्टी को भुरभुरा बनाकर ही डालें और इस प्रकार सेट करें कि पानी का जमाव न हो पाये।
* इसके बाद मिट्टी में गोबर की खाद, नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटाश भी डालें, जिससे केसर की अच्छी पैदावार मिल सके।
* ध्यान रखें कि कमरे सूरज की सीधी रोशनी न जाये, इससे फसल की बढ़वार रुक जाती है।
* अब मिट्टी में केसर की रेड गोल्ड फसल के बीजों की बुवाई करें।
* समय-समय पर केसर के पौधों की सही देखभाल करते रहें।

किसान चाहें तो एक हजार किलो बीज से केसर की खेती करके आराम से 7-8 लाख रुपये कमा सकते हैं।

हरियाणा में हो रही है केसर की खेती
हरियाणा के हिसार जिले के आजाद नगर में दो युवाओं ने घर पर ही केसर की सफल खेती की है। इन युवाओं ने 10 गज के कमरे में शीशे की रैक लगाकर अलमारियां बनाई और एसी के जरिये कमरे का तापमान नियंत्रित किया। केसर की खेती के लिये 800 से 1000 रुपये किलो के हिसाब 100 किलो उन्नत किस्म और अच्छी क्वालिटी के बीजों का प्रयोग करके कीड़ जड़ी का पौधा तैयार किया। इन पौधों के जरिये ही उन्हें 1- 1.5 किलोग्राम तक केसर की उपज मिली। पहली उपज की बिक्री से ही 8-9 लाख रुपये की आमदनी हुई।

केसर की खेती

कश्मीरी केसर दुनिया भर में मशहूर है, जिसे 3 से 3.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बेचा जाता है। पहाड़ी इलाकों में इसकी खेती जुलाई-अगस्त और मैदानी इलाकों में फरवरी-मार्च के बीच इसके पौधे लगाये जाते हैं, जिसके बाद 2 महीने में सिर्फ 1.5-2 किलो केसर का उत्पादन होता है।

पहले केसर की खेती केवल पहाड़ी और ठंडे इलाकों में ही संभव मानी जाती थी, लेकिन एरोपॉनिक तकनीक ने इसे मैदानी क्षेत्रों तक पहुंचा दिया है।