Geranium Gardening Tips : धूप, पिंचिंग और केले का पानी... जेरेनियम के लिए रामबाण उपाय

    23-May-2026
Total Views |

Geranium Gardening Tips : अगर आपके बगीचे में लगे जेरेनियम का पौधा फूलों की जगह सिर्फ पत्तियों से भरा दिख रहा है, तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है। अक्सर सही जानकारी के अभाव में लोग इस खूबसूरत पौधे की चमक खो देते हैं। जेरेनियम एक ऐसा पौधा है जो थोड़ी सी सही देखभाल के बदले आपके गार्डन को रंगों से भर सकता है। हम आपको उन खास गार्डनिंग टिप्स के बारे में बताएंगे, जिनसे आपका पौधा न सिर्फ तेजी से बढ़ेगा बल्कि उसमें गुच्छों में फूल भी आएंगे।

फूलों की संख्या बढ़ाने के लिए मास्टर टिप्स

1. धूप का कमाल
जेरेनियम कोई इंडोर प्लांट नहीं है। अगर इसे पर्याप्त धूप नहीं मिलेगी, तो यह सिर्फ लंबाई में बढ़ेगा और फूल गायब हो जाएंगे। इसे कम से कम 5 से 7 घंटे की सीधी धूप वाली जगह पर रखें. जितनी अच्छी धूप मिलेगी, फूलों का रंग उतना ही गहरा और चटख होगा।

2. पिंचिंग और डेडहेडिंग है फूलों का डबल डोज
पिंचिंग का मतलब जब पौधा 4-5 इंच का हो जाए, तो ऊपर की नई कोपलों को उंगलियों से तोड़ दें। इससे पौधा ऊपर बढ़ने के बजाय साइड से नई शाखाएं निकालेगा और खूब घना हो जाएगा।
डेडहेडिंग- जैसे ही कोई फूल सूखने लगे, उसे तुरंत कैंची से नीचे से काट दें। सूखे फूल पौधे की सारी एनर्जी बीज बनाने में खर्च कर देते हैं। इन्हें हटाने से पौधा नई कलियां निकालने पर ध्यान लगाता है।

3. पानी देने का फिंगर टेस्ट
जेरेनियम को प्यासा रहना पसंद है, पर जड़ों में कीचड़ बिल्कुल नहीं। पानी तभी दें जब गमले की ऊपरी 1 इंच की मिट्टी पूरी तरह सूखी लगे। पानी देते समय ध्यान रखें कि पत्तियों पर पानी न गिरे, वरना उनमें फंगस लगने का डर रहता है।

4. फूलों के लिए खास घरेलू खाद
पौधे को फूल देने के लिए पोटैशियम और फास्फोरस की जरूरत होती है। आप इन खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं।

केले के छिलके का पानी: 3-4 केले के छिलकों को एक लीटर पानी में 3 दिन तक भिगोकर रखें और फिर उस पानी को छानकर पौधे में डालें। यह फूलों की संख्या बढ़ाने का सबसे असरदार तरीका है।
प्याज के छिलकों की खाद: प्याज के सूखे छिलकों को पानी में भिगोकर उसका लिक्विड फर्टिलाइजर महीने में एक बार दें, इससे फूलों का साइज बड़ा होता है।

5. छंटाई का सही समय
सर्दियां खत्म होने के बाद या मानसून के बाद पौधे की हल्की छंटाई जरूर करें। पुरानी और कमजोर टहनियों को हटाने से पौधे में नई जान आती है और कलियां गुच्छों में खिलती हैं।

जेरेनियम का कीटों और बीमारियों से बचाव
अगर पत्तियों पर काले धब्बे या सफेद पाउडर दिखे, तो तुरंत सावधानी बरतें। 1 लीटर पानी में 5-7 बूंद नीम का तेल और थोड़ा सा डिश सोप मिलाकर हफ्ते में एक बार स्प्रे करें। इससे कीड़े और फंगस दूर रहेंगे।