
NPSS App For Smart Farming : खेतों में फसलों की सुरक्षा हर किसान के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है। कई बार तो ऐसा होता है कि पौधों में ऐसी बीमारियां लग जाती हैं जिन्हें पहचान पाना और उनका इलाज ढूंढना बेहद मुश्किल हो जाता है। लेकिन अब परेशान होने की कोई ज़रूरत नहीं है। क्योंकि केंद्र सरकार की तरफ से टेक्नोलॉजी का एक स्मार्ट और आसान उपाय आ गया है। अब आपको किसी के पास भागने या महंगी सलाह लेने की जरूरत नहीं है।
अगर आपके हाथ में स्मार्टफोन है तो बस अब वो ही अब आपकी फसलों का डॉक्टर बनने जा रहा है। भारत सरकार के नेशनल पेस्ट सर्विलांस सिस्टम यानी NPSS ऐप की मदद से आप सिर्फ एक क्लिक में फसल की बीमारी का पता लगा सकते हैं। आपको बस अपने फोन में यह सरकारी ऐप डाउनलोड करना है और आपकी परेशानियां खत्म हो जाएंगी। चलिए आपको बताते हैं कि यह कैसे काम करता है।
अब स्मार्टफोन बनेगा फसलों का डॉक्टरकेंद्र सरकार का यह NPSS ऐप पूरी तरह से AI और इमेज रिकग्निशन तकनीक पर काम करता है। इसे इस्तेमाल करना इतना आसान है कि कोई भी किसान भाई इसे मिनटों में समझ सकता है। जब भी आपको अपनी फसल, पत्तियों या फलों पर कोई अजीब धब्बा, कीड़ा या बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो आपको बस इस ऐप को ओपन करना है।
इसके बाद उस बीमार हिस्से की एक साफ फोटो क्लिक करके ऐप पर अपलोड कर देनी है। ऐप का AI सिस्टम तुरंत उस फोटो को स्कैन करेगा और कुछ ही सेकेंड्स में आपको सटीक जानकारी दे देगा कि फसल में कौन सा रोग या कीट लगा है। यह ठीक वैसे ही है जैसे डॉक्टर तुरंत बीमारी पकड़ लेता है।
ऐप बताएगा कैसे करना है इलाज
यह ऐप सिर्फ बीमारी की पहचान करके ही नहीं रुकता। बल्कि सरकार के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा सर्टिफाइड इलाज भी आपकी स्क्रीन पर लाकर रख देता है। बीमारी डिटेक्ट होते ही ऐप आपको बताता है कि कौन सी दवा या कीटनाशक का छिड़काव करना है और उसका सही तरीका क्या है। इसके साथ ही इसमें खेती से जुड़े एक्सपर्ट्स की सीधी सलाह भी मिलती है।
जिससे आपकी लागत कम हो सके और आप नकली दवाओं के चक्कर में न फंसें। इस मॉडर्न और भरोसेमंद सरकारी ऐप को अपनाकर आप सही समय पर अपनी फसलों का सही इलाज कर सकते हैं, जिससे आपकी पूरी फसल बर्बाद होने से बच जाएगी और आपकी मेहनत का पूरा मुनाफा सीधे आपकी जेब में आएगा। इसलिए हर किसान के फोन में इस ऐप का होना जरूरी है।
सरकार का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के जरिए खेती को अधिक सुरक्षित और लाभकारी बनाना है, ताकि किसान समय रहते फसलों की बीमारी पहचानकर बेहतर उत्पादन हासिल कर सकें।