
Heatwave Impact On Vegetables : हरियाणा के करनाल में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब सिर्फ लोगों तक सीमित नहीं रहा बल्कि फलों और सब्जियों गुणवत्ता पर भी साफ दिखाई देने लगा है। प्रचंड गर्मी में लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण सब्जी मंडी में किसानों और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हालात तो ऐसे हो गए हैं कि टमाटर, खरबूजे और तरबूज जैसी जल्दी खराब होने वाली फसलें मंडी में पहुंचने के कुछ ही घंटों के अंदर ही खराब होने लगी है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण फलों और सब्जियों की क्वालिटी तेजी से प्रभावित हो रही है, जिससे उनकी बिक्री भी प्रभावित हो रही है।
परेशान किसानों का कहना है कि बड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल मंडी तक पहुंचने के बाद खराब हो रही है, जबकि सब्जी व्यापारी भी नुकसान झेलने को मजबूर हैं। खराब होती फसल का सीधा असर उनकी कमाई पर पड़ रहा है।
लू से उपज हो रही खराबकरनाल मंडी में टमाटर और तरबूज की फसल लेकर पहुंचे किसान मनोज ने बताया कि भीषण गर्मी की वजह से उनकी फसल खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि मंडी में पहुंचने तक टमाटर और तरबूज सड़ने लगे हैं, जिससे किसान, आढ़ती और खरीदार सभी परेशान हैं। मनोज का कहना है कि इस बार गर्मी ने फसलों को बुरी तरह प्रभावित किया है। तेज तापमान के कारण उनकी काफी उपज खराब हो गई, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
तरबूज का मिल रहा सिर्फ इतना रेट मनोज ने कहा कि तरबूज सिर्फ 3 से 4 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है, जबकि टमाटर की एक क्रेट मात्र 100 रुपये में बिक रही है। किसान का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है और खासकर छोटे और गरीब किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
आधे दाम पर बिक रही किसानों की उपजकरनाल मंडी के फल और सब्जी व्यापारी सनी बंसल ने बताया कि भीषण गर्मी का असर फलों और सब्जियों पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाली उपज एक दिन भी ठीक से नहीं टिक पा रही है, जो सामान आज आता है, वह अगले दिन तक खराब होने लगता है, जिससे उसकी कीमत आधी रह जाती है। उन्होंने बताया कि तेज गर्मी और लू के कारण फलों और सब्जियों की क्वालिटी तेजी से खराब हो रही है। वहीं, भीषण गर्मी की वजह से मंडी में ग्राहकों की संख्या भी कम हो गई है, जिससे बिक्री पर और ज्यादा असर पड़ रहा है।
टमाटर की क्रेट 400 से 150 रुपये पर पहुंचीसब्जी व्यापारी ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण दोपहर में मंडी में ग्राहक बहुत कम आते हैं। ज्यादातर लोग शाम के समय ही खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी की वजह से सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं, जिससे उनके दाम भी गिर गए हैं। पहले टमाटर की एक क्रेट 400 रुपये में बिकती थी, लेकिन अब खराब होने के कारण करीब 150 रुपये में बेचनी पड़ रही है।
किसान और व्यापारी दोनों परेशानपिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी का असर लोगों के साथ-साथ अब फलों और सब्जियों पर भी दिखाई देने लगा है। बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं गर्मी की वजह से फल और सब्जियां भी जल्दी खराब हो रही हैं। इससे किसानों और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी चिंता बढ़ गई है।
अब सभी की नजर मौसम में बदलाव और गर्मी से राहत मिलने पर टिकी हुई है।