Kisan Credit Card Scheme : खेती के लिए पैसों की परेशानी दूर करेगा किसान क्रेडिट कार्ड

    26-May-2026
Total Views |

Kisan Credit Card Scheme :
कोई भी फसल खेत में उगाने के लिए समय पर पैसों की व्यवस्था करना किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है। कभी बीज खरीदने की जरूरत पड़ती है तो कभी खाद, सिंचाई या कृषि उपकरणों के लिए पैसों की कमी किसानों को परेशान करती है। ऐसे में कई किसान मजबूरी में साहूकारों से ऊंचे ब्याज पर पैसे लेने को मजबूर हो जाते हैं।

इसी बड़ी समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार की 'किसान क्रेडिट कार्ड' यानी केसीसी योजना गेमचेंजर साबित हो रही है।

इस स्कीम के जरिए किसानों को बेहद कम और किफायती ब्याज दरों पर खेती के लिए लोन मिल जाता है। सबसे बड़ी और राहत की बात यह है कि एक तय रकम तक का लोन लेने के लिए आपको किसी भी गारंटी की जरूरत नहीं पड़ती है। चलिए इसे एकदम आसान शब्दों में जानते हैं कि यह पूरी स्कीम क्या है और आप घर बैठे या बैंक जाकर इसके लिए तुरंत कैसे अप्लाई कर सकते हैं।

किसान क्रेडिट कार्ड के फायदे
किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत किसानों को मिलने वाले लोन की ब्याज दरें बहुत ही मामूली होती हैं। वैसे तो बैंकों की सामान्य लोन दरें काफी ज्यादा होती हैं, लेकिन केसीसी के तहत किसानों को सिर्फ 7% की सालाना ब्याज दर पर लोन मिल जाता है। इतना ही नहीं, अगर आप अपने लोन की किस्तें एकदम सही समय पर चुकाते हैं तो सरकार की तरफ से आपको ब्याज में 3% की अतिरिक्त सब्सिडी (छूट) भी दी जाती है।

यानी समय पर पैसा लौटाने वाले ईमानदार किसानों को यह लोन महज 4% के बेहद सस्ते सालाना ब्याज पर मिल जाता है। इस स्कीम की एक और कमाल की बात यह है कि ₹1.60 लाख तक के कृषि लोन के लिए किसानों को अपनी जमीन या कोई भी चीज बैंक के पास गिरवी रखने की बिल्कुल जरूरत नहीं होती है।

KCC लोन के लिए जरूरी दस्तावेज

इस बेहतरीन योजना का लाभ उठाने के लिए आपके पास कुछ बेसिक कागजात होने चाहिए। इनमें आवेदक किसान का आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, खेती की जमीन के जरूरी दस्तावेज जैसे खतौनी या जमाबंदी और हाल ही में खींची गई पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं। अप्लाई करने का प्रोसेस भी अब बहुत ही मॉडर्न और डिजिटल हो गया है।

KCC लोन अप्लाई करने का प्रोसेस
अपने नजदीकी बैंक की शाखा में जाकर आप सीधा केसीसी का आवेदन फॉर्म ले सकते हैं और उसे भरकर जमा कर सकते हैं। एसबीआई ग्राहक अपने मोबाइल में योनो ऐप खोलकर एग्रीकल्चर सेक्शन के जरिए घर बैठे लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी आप बहुत ही कम समय में अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आसानी से करवा सकते हैं। फॉर्म के साथ आपको अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड और जमीन के ताजा कागजात यानी खतौनी की कॉपी लगानी होगी।

ऐसे मिलेगा लोन का पैसा
आवेदन फॉर्म जमा होने के बाद बैंक सभी दस्तावेजों का सत्यापन करता है। वेरिफिकेशन पूरा होते ही लोन की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना छोटे और मध्यम किसानों को साहूकारों के ऊंचे ब्याज से बचाने और खेती को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।