Mosquito Repellent Plants : घर रहेगा फ्रेश और मच्छर भी गायब, जानिए कौन-से पौधे हैं सबसे असरदार

    27-May-2026
Total Views |

Mosquito Repellent Plants : गर्मी और बरसात का मौसम आया नहीं कि मच्छर और मक्खी अपना आतंक फैलाना शुरू कर देते हैं। दिन में मक्खियां परेशान करती हैं और रात में मच्छर चैन से बैठने नहीं देते। इनसे बचने के लिए लोग बाजार में मिलने वाले स्प्रे, कॉइल और केमिकल प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं जो कुछ समय के लिए राहत तो देते हैं, लेकिन उनका धुआं और तेज गंध सेहत के लिए नुकसानदायक भी होते है।

ऐसे में लोग अब नेचुरल और सुरक्षित तरीकों की तरफ ज्यादा ध्यान देने लगे हैं। घर में कुछ खास पौधे लगाकर मच्छरों और मक्खियों को काफी हद तक दूर रखा जा सकता है। ये पौधे न सिर्फ वातावरण को ताजा रखते हैं बल्कि घर की खूबसूरती भी बढ़ाते हैं।

तुलसी

एक गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया कि तुलसी के पौधे की खुशबू मच्छरों को दूर रखने में मदद करती है। माना जाता है कि तुलसी के आसपास मच्छर ज्यादा देर तक नहीं टिकते. इसके अलावा तुलसी हवा को शुद्ध करने का भी काम करती है।

लैवेंडर
इसी तरह लैवेंडर का पौधा अपनी भीनी खुशबू के लिए जाना जाता है, लेकिन यह खुशबू मच्छरों और मक्खियों को पसंद नहीं आती। अगर इसे बालकनी या खिड़की के पास लगाया जाए तो घर में कीड़ों की एंट्री कम हो सकती है।

पुदीना और गेंदा है दमदार
पुदीना भी एक ऐसा पौधा है जो नेचुरल रिपेलेंट की तरह काम करता है। इसकी तेज खुशबू मच्छरों को दूर रखने में असरदार मानी जाती है। कई लोग पुदीने की पत्तियों का इस्तेमाल घर में ताजगी बनाए रखने के लिए भी करते हैं. वहीं गेंदा का पौधा सिर्फ सजावट के लिए ही नहीं बल्कि कीड़ों को भगाने के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है। इसकी खुशबू मक्खियों और मच्छरों को दूर रखने में मदद करती है। यही वजह है कि कई लोग अपने गार्डन या घर के बाहर गेंदा जरूर लगाते हैं।

सिट्रोनेला है मच्छरों का काल
सिट्रोनेला घास को भी मच्छरों का बड़ा दुश्मन माना जाता है। इसकी खुशबू इतनी तेज होती है कि मच्छर आसपास भटकना पसंद नहीं करते। यही कारण है कि बाजार में मिलने वाली कई मच्छर भगाने वाली कैंडल और ऑयल में सिट्रोनेला का इस्तेमाल किया जाता है। अगर इस पौधे को घर के आसपास लगाया जाए तो काफी राहत मिल सकती है। इन पौधों की सबसे अच्छी बात यह है कि ये पूरी तरह नेचुरल होते हैं और इनसे किसी तरह का धुआं या केमिकल नहीं निकलता। छोटे बच्चों और बुजुर्गों वाले घरों के लिए ये एक सुरक्षित विकल्प साबित हो सकते हैं। इन्हें बालकनी, किचन गार्डन, खिड़की या मुख्य गेट के पास आसानी से लगाया जा सकता है।