
Lemon Plants Tips : नींबू का खट्टा स्वाद और उसकी खुशबू बेहद मज़ेदार होती है और अगर यह पौधा अगर घर में लगा हो, तो रोज ताजे रसीले नींबू का स्वाद चखने को मिल सकता है। भारतीय रसोई में नींबू का इस्तेमाल स्वाद बढ़ाने से लेकर सफाई तक कई कामों में किया जाता है। लेकिन हर सीजन में बाजार से नींबू मिल नहीं पाते और अगर मिलते हैं तो बेहद महंगे। अक्सर लोग सोचते है कि नींबू का पौधा सिर्फ जमीन में ही अच्छा उगता है, लेकिन ऐसा नहीं है। नींबू का पौधा घर पर किसी गमले में भी लगाया जा सकता है।
नींबू को उगाने के लिए बस आपको मिट्टी के पोषक तत्वों का ध्यान रखना होगा और यह भी ध्यान रखना होगा कि इसकी जड़ों को फैलने का पूरा मौका मिले। आप चाहें, तो नींबू को बीज से भी उगा सकती हैं और इसके पौधारोपण की शुरुआत आप किसी पॉलीथिन में भी कर सकते हैं।
नींबू के पौधे के साथ सबसे अच्छी बात यह है कि इसे ग्रो बैग में भी उगाया जा सकता है। हालांकि, आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि आप कौन सी वैरायटी का नींबू किस तरह के गमले में लगा रहे हैं। बड़े वाले नींबू जिसे अटर्रा कहा जाता है उसे उगाने के लिए आपको कम से कम 16-18 इंच का गमला चाहिए होगा।
बीज लगाने के लिए पॉलीथिन का यूज़
नींबू का पौधा बीज से भी तैयार किया जा सकता है। अगर आपको सिर्फ बीज ही लगाना है या फिर किसी छोटे पौधे से शुरुआत करनी है, तो आप नॉर्मल पॉलीथिन भी यूज कर सकती हैं। बस इतना जरूर देख लें कि पॉलीथिन थोड़ी मोटी हो। यह प्रोसेस सिर्फ पौधे को स्टेबल करने के लिए है। इसके आगे आपको कम से कम ग्रो बैग्स इस्तेमाल करने होंगे या कोई सॉलिड गमला। बीज अंकुरित हो जाए और पौधा निकल आए उसके बाद आप इसकी रिपौटिंग करें। एक बार आपने पौधे को अलग गमले में रीपॉट कर दिया फिर आपको इसकी मेंटेनेंस पर ध्यान देना होगा।
नींबू के पौधे की मेंटेनेंस
* सही मात्रा में धूप
आपको इस बात का खास ख्याल रखना है कि अगर पौधा बहुत छोटा है, तो गर्मियों की दोपहर की 12 से 4 वाली धूप से उसे बचाएं और अगर पौधा बड़ा है, तो उसे 7-9 घंटे की भरपूर धूप दें। नींबू के पौधे की ग्रोथ के लिए उसकी ब्रांच का धूप में तपना बहुत जरूरी होता है। अगर आप उसे छांव में रखेंगे, तो ना ही पौधा ग्रो कर पाएगा और ना ही उसमें ठीक तरह से फल आएंगे।
* मिट्टी हो एसिडिक
आप इसके लिए या तो बाजार से कोई एसिडिक फर्टिलाइजर ले सकती हैं या फिर प्याज और लहसुन के छिलकों से बना फर्टिलाइजर यूज कर सकते हैं। कुछ नहीं तो आप रेगुलर पॉटिंग मिक्सचर के साथ थोड़ी सी रेत और थोड़ा सा वर्मी कम्पोस्ट मिलाकर यूज कर सकते हैं।
* इतने दिन में दें फर्टिलाइजर
नींबू का पौधा फल तभी अच्छे से देगा जब इसमें भरपूर मात्रा में फर्टिलाइजर्स होंगे। इसलिए यह जरूरी है कि आप इस पौधे में हर 20-25 दिनों में फर्टिलाइजर देते रहें। फर्टिलाइजर देने से पहले पौधे के ऊपरी हिस्से की मिट्टी की गुड़ाई कर लें। इसके बाद फर्टिलाइजर दें और इसके बाद इसे पानी से भर दें।
नींबू का पौधा ज्यादा मुश्किल देखभाल नहीं मांगता, लेकिन समय-समय पर पानी, खाद और धूप का संतुलन बनाए रखना जरूरी होता है। घर में लगा नींबू का पौधा न सिर्फ ताजे फल देता है बल्कि आपकी बालकनी और गार्डन की खूबसूरती भी बढ़ा देता है।