Fake Fertilizer Faridkot : किसानों की फसल से बड़ा खेल! कोठी में चल रही थी नकली खाद फैक्ट्री, छापेमारी में बड़ा खुलासा

    07-May-2026
Total Views |

Fake Fertilizer Faridkot :
पंजाब में किसानों को नकली खेती सामग्री बेचने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। फरीदकोट के नारायण नगर इलाके में बुधवार को खेतीबाड़ी विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक कोठी के भीतर चल रहे नकली खाद, जिंक और पोटाश तैयार करने के अवैध कारोबार का खुलासा किया। स्थानीय नारायण नगर स्थित एक कोठी में खेतीबाड़ी विभाग की विशेष टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली और एक्सपायरी खाद, पोटाश और जिंक बरामद किया है।

बताया जा रहा है कि इन उत्पादों की पैकिंग बदलकर बाजार में असली बताकर बेचा जा रहा था, जिससे किसानों की फसलों और उनकी मेहनत दोनों के साथ बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया।

चंडीगढ़ से पहुंची विभाग की टीम ने देर शाम कार्रवाई करते हुए बहुत साडी संदिग्ध सामग्री और तैयार उत्पाद जब्त किए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लंबे समय से यह धंधा गुपचुप तरीके से चल रहा था और नकली कृषि उत्पादों की सप्लाई अलग-अलग इलाकों में की जा रही थी। अब इस मामले के सामने आने के बाद किसानों में भी चिंता बढ़ गई है कि आखिर उनके खेतों तक कितनी मात्रा में नकली खाद पहुंच चुकी होगी।

यहां से नकली पोटाश, जिंक, खाद की बोरियां, खाली पाउच और पैकिंग मशीनें बरामद हुईं। हालांकि इस धंधे को चला रहा व्यक्ति वहां से फरार हो गया था। सभी के सैंपल भर के जांच के लिए भेजे गए हैं।

संयुक्त निदेशक नरिंदर सिंह बैणीपाल ने बताया कि सरकार किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाली खेती सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी दौरान सूचना मिली थी कि अमरावती नाम से फर्जी जिंक, पोटाश और अन्य खेती सामग्री तैयार कर भोले-भाले किसानों को बेची जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपित की पहले अनाज मंडी में दुकान थी और उसके पास लाइसेंस भी था। लेकिन करीब छह महीने पहले उसने दुकान बंद कर दी थी और उसका लाइसेंस भी रद्द हो चुका था। इसके बावजूद वह अवैध तरीके से यह कारोबार चला रहा था।

उन्होंने बताया कि जहां नकली सामान को पैंकिंग करके बेचा जा रहा था। वहीं, एक्सपायरी सामान पर नई डेट के स्टिकर लगा कर बेचा जा रहा था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा उक्त राजिंदर सेठी के खिलाफ पुलिस को फर्टिलाइजर एक्ट, इंसेक्टिसाइड एक्ट, धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज करने के लिए कहा गया है और पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है.। अब आगे पुलिस जांच करेगी कि यह अकेला ही काम कर रहा था या इसमें और लोग शामिल है।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि विभाग की ओर से जो भी लिखित शिकायत दी जाएगी, उसके आधार पर आगे मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।