Hybrid Hibiscus Nursery Plants : सिर्फ लाल नहीं, अब पांच रंगों में खिल रहा गुड़हल ! समस्तीपुर में बढ़ी हाइब्रिड पौधों की डिमांड

    08-May-2026
Total Views |

Hybrid Hibiscus Nursery Plants :
समस्तीपुर में इन दिनों हाइब्रिड गुड़हल के रंग बिरंगे पौधे लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पहले जहां गुड़हल का फूल सिर्फ लाल रंग में ही नज़र आता था, वहीं अब ये पीला, सफेद, गुलाबी, नारंगी कई रंगों में मिलने लगा है। इन अनोखे फूलों की बढ़ती मांग ने बागवानी प्रेमियों और घर सजाने के शौकीनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

गुड़हल केवल सुंदरता के लिए ही नहीं बल्कि अपने औषधीय गुणों के लिए भी जाना जाता है। आयुर्वेद में इसके फूल और पत्तियों का उपयोग बालों की देखभाल, त्वचा संबंधी समस्याओं और कई घरेलू उपचारों में किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इसके फूलों का उपयोग प्राकृतिक हेयर ऑयल और काढ़ा बनाने में भी करते हैं। जो लोग बागवानी से जुड़े है उनका कहना है कि गुड़हल का पौधा लेस केयरिंग प्लांट है और सालभर फूल देता रहता है। इसीलिए लोग अब इसे अपने घरों में लगाना पसंद कर रहे हैं।

समस्तीपुर में इस बार गुड़हल का फूल नए और आकर्षक रूप में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अब तक लोग सामान्य रूप से लाल रंग के गुड़हल के फूल को ही पहचानते और अपने घरों में लगाते थे, लेकिन अब बाजार में सफेद, पीला, गुलाबी, नारंगी और डबल पंखुड़ी वाले हाइब्रिड गुड़हल के पौधे भी उपलब्ध हैं। खासकर घर की सजावट और गमलों में लगाने के लिए इन पौधों की मांग तेजी से बढ़ी है।

गुड़हल का फूल धार्मिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। खासकर मां दुर्गा और भगवान गणेश की पूजा में लाल गुड़हल का विशेष उपयोग होता है। अब अलग-अलग रंगों के फूल आने से लोग अपने घरों और मंदिरों में सजावट के लिए भी इन पौधों को खरीद रहे हैं। सुबह खिलने वाले ये रंगीन फूल घर के माहौल को ताजगी और सकारात्मक ऊर्जा से भर देते हैं।

समस्तीपुर में अब पारंपरिक खेती के साथ फूलों की खेती में भी लोगों की रुचि बढ़ने लगी है। किसान और बागवानी प्रेमी नए-नए फूलों की खेती कर बेहतर आय की संभावना देख रहे हैं। गुड़हल के अलग-अलग रंगों की खेती से न सिर्फ बाजार में मांग बढ़ी है, बल्कि लोगों को भी एक नया आकर्षण देखने को मिल रहा है।

समस्तीपुर के रोसड़ा स्थित डाकबंगला इलाके की एक नर्सरी में पांच रंगों के गुड़हल के पौधे उपलब्ध हैं। नर्सरी संचालक के अनुसार साधारण लाल गुड़हल का पौधा करीब 50 रुपये में मिलता है, जबकि हाइब्रिड और खास वैरायटी वाले पौधों की कीमत उनकी गुणवत्ता, ख़ूबसूरती और आकार के अनुसार तय होती है। लोग एक साथ कई रंगों के पौधे खरीदकर अपने बगीचों को नया और आकर्षक लुक दे रहे हैं।