
Plastic Waste to Hydrogen Fuel : दुनिया इस समय दो बड़ी चुनोईयों का सामना कर रही है - पहला प्लास्टिक प्रदूषण और दूसरा स्वच्छ ऊर्जा की जरूरत। ऐसे में वैज्ञानिकों ने एक ऐसी ही तकनीक खोजी है, जो दोनों ही समस्याओं का समाधान पेश कर सकती है। शोधकर्ताओं का दावा है कि अब बेकार प्लास्टिक को सूरज की रोशनी की मदद से हाइड्रोजन और अन्य स्वच्छ ईंधनों में बदला जा सकता है। यह तकनीक न केवल कचरे की समस्या सुलझाएगी, बल्कि भविष्य के लिए एक प्रदूषण मुक्त ऊर्जा का रास्ता भी साफ करेगी।
प्लास्टिक कचरे को बनाया जा सकता है ऊर्जा का स्रोत हर साल दुनिया भर में करोड़ों टन प्लास्टिक का उत्पादन होता है, जिसका बड़ा हिस्सा कचरे के रूप में पर्यावरण और समुद्रों में पहुंच जाता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्लास्टिक में कार्बन और हाइड्रोजन की मात्रा काफी अधिक होती है। अगर इसे सही तरीके से रिसाइकिल किया जाए, तो यह कचरा नहीं बल्कि ऊर्जा का एक बेशकीमती स्रोत साबित हो सकता है।
कैसे काम करती है यह तकनीक इस प्रक्रिया को 'सोलर-ड्रिवन फोटोरेफॉर्मिंग' कहा जाता है। इसमें विशेष प्रकार के फोटोकैटालिस्ट का उपयोग किया जाता है, जो सूरज की रोशनी पड़ने पर सक्रिय हो जाते हैं। ये प्लास्टिक के जटिल अणुओं को तोड़ना शुरू कर देती हैं। इस प्रक्रिया से हाइड्रोजन जैसी गैसें और औद्योगिक रसायन प्राप्त होते हैं। इस प्रक्रिया में अतिरिक्त ऊर्जा की खपत कम होती है क्योंकि यह सूरज की मुफ्त और प्राकृतिक ऊर्जा का उपयोग करती है।
क्यों ख़ास है हाइड्रोजन ईंधन हाइड्रोजन को भविष्य का स्वच्छ ईंधन माना जाता है और इस फोटोरेफॉर्मिंग की प्रक्रिया से सबसे महत्वपूर्ण चीज जो निकलती है, वह है हाइड्रोजन। ये गैस इसलिए ख़ास है क्योंकि इसे जलाने पर कार्बन डाइऑक्साइड नहीं, बल्कि केवल पानी की बूंदें निकलती हैं। पारंपरिक तरीके से पानी से हाइड्रोजन निकालना काफी महंगा और ऊर्जा खपत वाला काम है, लेकिन प्लास्टिक को ऑक्सीडाइज करना ज्यादा आसान है। इसलिए, प्लास्टिक से हाइड्रोजन बनाना न केवल किफायती है, बल्कि बड़े पैमाने पर औद्योगिक उत्पादन के लिए भी एक बेटर ऑप्शन है।
शुरुआती परीक्षणों में मिले शानदार नतीजेशोधकर्ताओं ने परीक्षणों के दौरान न केवल हाइड्रोजन उत्पादन में सफलता हासिल की, बल्कि एसिटिक एसिड और डीजल श्रेणी के कुछ हाइड्रोकार्बन भी तैयार किए। कुछ परीक्षणों में तो यह सिस्टम लगातार 100 घंटों से अधिक समय तक काम करता रहा, जो इसकी स्थिरता और भविष्य की संभावनाओं को दर्शाता है।
अभी भी हैं कई चुनौतियाँ यह तकनीक आशाजनक मानी जा रही है लेकिन इस तकनीक को घर-घर पहुंचाने से पहले वैज्ञानिकों के सामने कुछ बड़ी चुनौतियां भी हैं। सबसे बड़ी समस्या प्लास्टिक कचरे की विविधता है। हर प्लास्टिक एक जैसा नहीं होता, उनमें अलग-अलग रंग (डाइज) और स्टेबलाइजर्स मिले होते हैं, जो रासायनिक प्रक्रिया में बाधा डालते हैं। तकनीक को सही से काम करने के लिए प्लास्टिक कचरे की सटीक छंटाई और प्री-ट्रीटमेंट करना बहुत जरूरी है। जब तक कचरे की गुणवत्ता एक समान नहीं होगी, तब तक इससे निकलने वाले ईंधन की शुद्धता पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा फोटोकैटालिस्ट को अधिक टिकाऊ और किफायती बनाना भी जरूरी है।
भविष्य बदल सकती है यह खोज इन सामग्रियों को न केवल सूरज की रोशनी के प्रति संवेदनशील होना चाहिए, बल्कि इन्हें रसायनों के बीच लंबे समय तक टिके रहने के लिए टिकाऊ भी होना होगा। वर्तमान सिस्टम में समय के साथ गिरावट आने लगती है, जिससे उनकी दक्षता कम हो जाती है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि हमें ऐसे मजबूत उत्प्रेरकों की जरूरत है जो वास्तविक दुनिया की कठोर परिस्थितियों को झेल सकें। साथ ही, प्रक्रिया के बाद निकलने वाली गैसों और तरल पदार्थों को अलग करना भी एक खर्चीला काम है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तकनीक को औद्योगिक स्तर पर सफलतापूर्वक लागू किया गया, तो यह प्लास्टिक प्रदूषण कम करने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।