हरियाणा के किसान फूलों की खेती से कर रहे हैं सालाना 7 लाख की कमाई

29 Jan 2025 15:48:49

चंडीगढ़: किसान धीरे-धीरे फिर से खेती की ओर लौट रहे हैं और उनकी कमाई भी बढ़ने लगी है। बागवानी और फूलों की खेती से बहुत सारे किसानों ने अपनी ज़िन्दगी बदल डाली है।  हरियाणा के गुरनाम सिंह आज एक कामयाब किसान हैं। उन्होंने 17 साल पहले फूलों की खेती शुरू किया था, जिससे वह हर साल 6 से 7 लाख रुपये कमा रहे हैं।

इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत और लगन को नहीं नकारा जा सकता है। सही मार्किट नहीं मिलने के कारण शुरू में उन्हें फूल बेचने में काफी दिक्कतें पेश आईं, लेकिन हार नहीं मानी।  कुछ सालों के बाद उनके फूलों को अच्छा बाजार मिल गया और अब पूरे छेत्र  में उनकी पहचान बन चुकी है।

गुरनाम सिंह करीब डेढ़ एकड़ जमीन में फूलों की खेती कर रहे हैं। वह गेंदा, जाफरी, गुलदावरी और ग्लेडियोलस जैसे फूल उगाते हैं। अकेले गेंदा बेचकर ही वह तीन लाख रुपये कमा लेते हैं। उनके फूलों की मांग दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड और हरियाणा के कई जिलों में है।

इसे भी पढ़ें: बागवानी विभाग की चेतावनी: फास्फोरस के अधिक प्रयोग से बिगड़ी मिट्टी का संतुलन

गुरनाम सिंह का कहना है कि हरियाणा सरकार के उद्यान विभाग से उन्हें काफी सहयोग मिला है। उन्हें समय-समय पर सब्सिडी मिलती है, जिससे खेती करना आसान हो गया है। अगर कोई समस्या होती है, तो उद्यान विभाग के अधिकारी उनकी मदद करते हैं। गुरनाम सिंह ने फूलों की खेती के साथ-साथ अपने खेतों में पॉपुलर के पेड़ भी लगाए हैं। इससे उन्हें दोगुना मुनाफा हो रहा है।

गुरनाम सिंह का कहना है कि किसानों को अपनी सोंच में बदलाव लाना होगा और परंपरागत खेती से हटकर हॉर्टिकल्चर की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए। हालांकि, इसमें जोखिम ज्यादा होता है, लेकिन सही प्लानिंग से काम करने पर मोटी कमाई से इंकार नहीं किया जा सकता है।

Powered By Sangraha 9.0