गया जिले में स्ट्राबेरी की खेती के लिए सरकार दे रही बड़ा अनुदान

15 Oct 2025 17:06:22


नई दिल्ली। गया जिले के टिकारी, परैया, कोंच प्रखंड क्षेत्र में स्ट्रॉबेरी की खेती की जाती है। इसकी खेती से कई किसानों को मोटी आय भी हो रही है। हालांकि, यह एक मंहगी खेती है और इसकी खेती में लागत अधिक आती है। यही कारण है कि अब इसके लिए सरकार किसानों को भारी सब्सिडी दे रही है।बिहार सरकार ने कुछ खास फसलों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण योजना शुरू की है। ऐसी ही एक फसल है स्ट्रॉबेरी, आमतौर पर स्ट्रॉबेरी ठंडे इलाकों में उगाई जाती है, लेकिन अब बिहार जैसे गर्म क्षेत्रों में भी इसकी खेती संभव हो रही है। बिहार सरकार ने स्ट्रॉबेरी विकास योजना 2025-26 शुरू की है, जिसके तहत किसानों को स्ट्रॉबेरी की खेती करने के लिए भारी सब्सिडी दी जा रही है।

योजना का लाभ 0.25 से 5 एकड़ तक

कृषि विभाग के अनुसार, योजना का लाभ न्यूनतम 0.25 एकड़ और अधिकतम 5 एकड़ के लिए देय होगा। इस योजना के तहत प्रति हेक्टेयर स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए अनुदान की राशि 3,02,400 रूपये देय है। सरकार यह राशि सिर्फ खेती ही नहीं बल्कि स्ट्रॉबेरी के पैकेजिंग के लिए भी दे रही है। गौरतलब हो कि गया जिले के टिकारी, परैया, कोंच प्रखंड क्षेत्र में स्ट्रॉबेरी की खेती की जाती है। यह एक मंहगी खेती है और इसकी खेती में लागत अधिक आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार गया जिले को 8 हेक्टेयर में स्ट्राबेरी की खेती का लक्ष्य दिया गया है।  

कहा करें आवेदन

इच्छुक किसान उद्यान विभाग के वेबसाइट http://horticulture.bihar.gov.in पर जाकर स्ट्राबेरी विकास योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किसानों का चयन किया जाएगा। जिले में फिलहाल 3-4 हेक्टेयर में स्ट्रॉबेरी की खेती की जाती है लेकिन इस बार स्ट्रॉबेरी विकास योजना के तहत 8 हेक्टेयर में इसकी खेती का लक्ष्य है।

 

 


Powered By Sangraha 9.0