दिल्ली में रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन, दो दिन बारिश के भी आसार

26 Oct 2025 10:30:21



नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है और पारा भी नीचे लुढ़कता जा रहा है। सुबह और देर रात के समय धुंध के साथ ही हल्का कोहरा भी छाने लगा है। शनिवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इस दौरान न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के पास लुढ़क गया। वहीं दूसरी ओर दिवाली के बाद प्रदूषण ने पैर फैलाए हुए हैं। जहां कई इलाके रेड जोन में बने हुए हैं। इस दौरान सबसे अधिक एक्यूआई आनंद विहार में दर्ज किया जा रहा है। बीते कुछ दिनों से यहां का एक्यूआई 400 पार है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में रविवार सुबह कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। साथ ही हल्की सर्दी का भी एहसास हुआ। आज दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि शाम होने तक आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। वहीं देर रात तक हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।

दिल्ली में छठ पर मौसम का हाल

दिल्ली में सोमवार से मौसम बदलने वाला है। छठ पर्व के मौके पर राजधानी में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही एनसीआर के क्षेत्रों में भी सोमवार को छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते दिल्ली-एनसीआर में 27 से 29 अक्तूबर के बीच मौसम बदला रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बारिश होने से तापमान में और कमी देखने को मिल सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0