अक्टूबर खत्म होते-होते बढ़ी सर्दी की रफ्तार, यूपी-बिहार में बरसात के आसार

30 Oct 2025 09:50:17



नई दिल्ली। देश में अक्टूबर के आखिरी हफ्ते के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। अब सुबह-शाम की ठंड महसूस की जाने लगी है, वहीं कुछ राज्यों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का दौर भी जारी है। राजधानी दिल्ली में जहां तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग  ने कई इलाकों में बूंदाबांदी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड की दस्तक

दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में हल्की ठंड की शुरुआत हो चुकी है। कुछ ही दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जहां कुछ सप्ताह पहले तक लोग गर्मी से परेशान थे, वहीं अब सुबह की ठंडी हवाओं ने रजाई-कंबल की याद दिला दी है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हवा की नमी और हल्की ठंडी बयार के कारण दिन में भी हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है। अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में गरज के साथ बारिश

उत्तर प्रदेश में इस समय मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 30 और 31 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और इलाहाबाद जैसे इलाकों में हल्की फुहारें हो रही है।

 

 

 

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0