
नई दिल्ली। तमाम प्रयासों और सख्ती के बाद भी पराली जलाने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। यूपी के फतेहपुर जिले के 40 से ज्यादा किसानों पर कई लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जिला प्रशासन की ओर से किसानों से जुर्माना की रकम वसूली भी शुरू कर दी गई है।
किसानों पर लगा 2.35 लाख रुपये का जुर्माना
उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के अनुसार फतेहपुर जिले में पराली जलाने के मामलों में अब कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने पराली जलाने वाले 40 किसानों पर सख्ती दिखाते हुए 2.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस जुर्माने की रकम और सख्ती के बाद जिले में हड़कंप मचा हुआ है।
सैटेलाइट सर्वे से पकड़ी जा रहे पराली के मामले
फतेहपुर जिले के उप निदेशक कृषि सत्येन्द्र सिंह के अनुसार कृषि विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने पहले सैटेलाइट सर्वे के जरिए पराली जलाने वाले किसानों के खेतों से इमेज निकालीं और फिर स्थलीय सत्यापन किया गया। इसके बाद पराली जलाने वाले किसानों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई है। जिले में कुल 101 पराली जलाने की घटनाएं सामने आईं, जिसमें 50 में पराली जलाने और 34 में कूड़ा करकट फेंकने की पुष्टि हुई।
किसानों को नोटिस जारी किए जा रहे
किसान समझाने के बाद भी पराली जला रहे हैं उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जा रहा है। समुचित जवाब नहीं मिलने या फिर से पराली जलाते मिलने पर किसानों पर कार्रवाई की जा रही है। विभाग गांव-गांव प्रचार वाहनों और जागरूकता अभियानों के जरिए किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में लगातार सचेत कर रहा है।