
नई दिल्ली। नवंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड ने दस्तक दी है। सुबह-सुबह चल रही ठिठुराती हवा और रात के समय गिरता पारा लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, खासकर उन राज्यों में जहां रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच चुका है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी राज्यों तक, ज्यादातर इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है। कई जगहों पर कोहरा, कई जगहों पर बर्फबारी और कुछ इलाकों में दिन के तापमान में भी भारी गिरावट देखने को मिल रही है।
दिल्ली की हवा बर्फीली
राजधानी दिल्ली में 14 नवंबर को मौसम खासा बिगड़ने वाला है। सुबह के समय ठंडी हवाएं शरीर को झकझोर सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में हल्का कोहरा और तेज हवा मिलकर ठंड का अहसास कई गुना बढ़ा देंगे।
उत्त्तर प्रदेश में भी ठंड की कहर
यूपी में 14 नवंबर से ठंड में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। सुबह के समय कोहरा घना हो सकता है, जिससे विजिबिलिटी कम होने का असर ट्रैफिक पर भी पड़ेगा। लखनऊ समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
हरियाणा में तापमान 10 डिग्री से नीचे
हरियाणा में सर्दी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और करनाल जैसे शहरों में सुबह की धुंध और बर्फीली हवाएं लोगों को कंपकंपी महसूस करा रही हैं। नारनौल में तापमान सबसे कम रहा—साढ़े सात डिग्री तक। अधिकांश शहरों में तापमान 8 से 11 डिग्री के बीच रहा।