पॉलीहाउस में करें ऑफ-सीजन खेती, सरकार दे रही है बंपर सब्सिडी करें आवेदन

18 Nov 2025 09:57:53


नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आज के बदलते समय में किसान और बागवानी पॉलीहाउस से खेती कर रहे है। आज के समय में खेती को आसान और लाभकारी बनाने के लिए पॉलीहाउस किसानों के लिए एक अच्छा विकल्प बन गया है। खासकर उन किसान भाइयों के लिए जो ऑफ सीजन खेती करना चाहते हैं। इस तकनीक की मदद से किसान साल के किसी भी मौसम में सब्जियां उगा सकते हैं, जिन्हें अन्य मौसमों में उगाना संभव नहीं होता। ऑफ सीजन खेती का सबसे बड़ा लाभ यह है कि किसान सीजन शुरू होने से पहले ही सब्जियों की पैदावार कर मंडियों में बेच सकते हैं और अच्छे दाम पा सकते हैं। पॉलीहाउस को लगाने में राज्य के उद्यान विभाग की मदद भी उपलब्ध है। सरकार की योजना के तहत किसान अनुदान प्राप्त कर अपने खेतों में पॉलीहाउस लगा सकते हैं।

पॉलीहाउस में खेती और उससे लाभ

फिरोजाबाद जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह के अनुसार पॉलीहाउस ऑफ सीजन खेती के लिए बेहद उपयोगी है। किसान अपने खेतों में पॉलीहाउस तैयार कर उन सब्जियों को उगा सकते हैं जो मौसम के हिसाब से कम या ज्यादा तापमान में उगाई जाती हैं। पॉलीहाउस में तापमान को 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक घटाने या बढ़ाने की क्षमता होती है।

पॉलीहाउस में इन तकनीक से करें खेती

सर्दियों के इस सीजन में मंडियों में टमाटर और गोभी आना शुरू हो चुके हैं, लेकिन किसान अपने पॉलीहाउस में इन्हें पहले से उगा कर अच्छे दामों में बेच सकते हैं। इसके अलावा, पॉलीहाउस में फूलों की खेती भी कर मुनाफा कमाया जा सकता है। किसान 500 से 4000 वर्ग मीटर तक का पॉलीहाउस अपने खेत में लगा सकते हैं। इसके लिए पहले उद्यान विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के सत्यापन के बाद विभाग रजिस्टर्ड फर्म को पॉलीहाउस लगाने के लिए भेजेगा। तैयार होने के बाद किसान के बैंक खाते में लागत का 50 प्रतिशत अनुदान सीधे भेजा जाएगा।

 

 

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0