दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच वर्क फ्रॉम होम, कर्मचारी घर से करेंगे काम

22 Nov 2025 15:20:11



नई दिल्ली। दिल्ली में जहरीली हवा ने जीना दूभर कर दिया है। AQI लगातार 400 के पार बना हुआ है, यानी प्रदूषण का स्तर बेहद गंभीर श्रेणी में है। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच लोगों को राहत देने के लिए रेखा गुप्ता सरकार बड़ा फैसला ले सकती है। दरअसल, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की सलाह के बाद दिल्ली में काम करने वाले 50 फीसदी सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया जा सकता है।

50 प्रतिशत कर्मचारी घर से करेंगे काम

दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया है कि प्रदूषण के बीच दिल्ली में GRAP-3 लागू है। इसमें वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने एक नई जानकारी दी है। यह GRAP-3 का फेज 2 है, जिसमें GRAP-4 के कुछ प्रावधान भी जोड़े जा रहे हैं। इसके तहत 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करना होगा।

WFH सिस्टम लागू होने के बाद कैसे होगा काम?

दरअसल, जब भी सरकार की ओर से WFH यानी वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाता है, तब कार्यालयों में आधी मैनपावर के साथ काम होता है। मान लीजिए किसी ऑफिस में 100 कर्मचारी काम कर रहे हैं, तो नियम लागू होने के बाद 50 लोग ही दफ्तर आएंगे। बाकी 50 लोगों को घर से जुड़े रहना होगा।

CAQM का क्या है फैसला

दिल्ली में फिलहाल GRAP-3 लागू किया गया है। इनमें कई तरह की पाबंदियां हैं। इसी ग्रैप-3 को अब थोड़ा और सख्त किया जा रहा है। यानी ग्रैप-3 का फेज-2 लागू किया जा रहा है। इसमें दिल्ली और एनसीआर के राज्य और केंद्र सरकारी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की सलाह दी गई है।

 

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0