जिला बागवानी पदाधिकारी ने फूल की खेती का किया निरीक्षण

30 Nov 2025 15:42:53


झारखंड के सिमडेगा जिले के जिला कृषि पदाधिकारी सह जिला बागवानी पदाधिकारी सीमा टोप्पो ने शुक्रवार को फूलों की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फूल की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने मेरोमडेगा पंचायत के बरटोली ग्राम में किसान सुसराय सोरेंग द्वारा दो एकड़ में की जा रही गेंदा फूल की उन्नत खेती का जायजा लिया। उन्होंने किसान से विस्तारपूर्वक बातचीत कर उनकी भावी योजनाओं, चुनौतियों और पारंपरिक खेती से आगे बढ़ कर फूल उत्पादन को संभावित उद्यम के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। टोप्पो ने विभाग द्वारा उपलब्ध करायी गयी ड्रिप सिंचाई प्रणाली के उपयोग, रख-रखाव और लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त कर खेती को अधिक उत्पादक बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी सुझाव दिये. इस अवसर पर आसपास के किसानों से भी संवाद स्थापित कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, अनुदान तथा कृषि-उद्यानिकी कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की। फील्ड दौरे के दौरान साथी किसानों द्वारा धान कटाई में दिये जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए पदाधिकारी ने उन्हें सामूहिक कृषि कार्य को और मजबूत करने की प्रेरणा दी।

फूलों की खेती के फायदे

फूलों की खेती से जुड़ी ताजा खबरें बताती हैं कि किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ-साथ गेंदा और गुलाब जैसी फूलों की खेती को अपना रहे हैं क्योंकि इसमें कम लागत और ज्यादा मुनाफा है। देश में फूलों का उत्पादन बढ़ रहा है, खासकर तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में। इस साल रबी सीजन में मौसम फूलों के लिए अनुकूल है, जिससे किसान अच्छी कमाई की उम्मीद कर रहे हैं।

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0