
नई दिल्ली। देश में मानसून भले समाप्त हो गया हो लेकिन कई राज्यों में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 4 नवंबर को एक बार फिर से 12 राज्यों में तूफानी बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों को इस दौरान सावधान रहने के लिए कहा गया है। खास कर उत्तर पूर्वी राज्यों में आसमानी आफत लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी। वहीं, इस बारिश के चलते अन्य राज्यों में भी तापमान में गिरावट आएगी।
इन 12 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की है। गुजरात, मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में 5 नवंबर तक आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आज भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में आज मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिन तक आसमान में आंशिक बादल छाया रह सकता है। देर रात और सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। वहीं प्रदूषण आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है। कई स्थानों पर एक्यूआई 300 के पार जा सकता है। दिल्ली वालों को बारिश का इंतजार है ताकि प्रदूषण पर कंट्रोल किया जा सके।
यूपी में आज मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में आए गंभीर चक्रवाती तूफान 'मोंथा' का असर खत्म हो गया है। इसके बाद, प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरे का असर दिख सकता है। 4 नवंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।