
नई दिल्ली। ठंड के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर की हवा और जहरीली होती जा रही है। शनिवार सुबह राजधानी के अधिकतर इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बड़े हिस्सों में एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। जिससे कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बढ़ते प्रदूषण के कारण दिल्ली सरकार और नगर निगम के कार्यालयों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है।
350 से 400 के बीच रिकॉर्ड किया गया AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मॉनिटरिंग के मुताबिक दिल्ली के कई स्टेशनों पर एक्यूआई ‘गंभीर’ स्तर यानी 350 से 400 के बीच रिकॉर्ड किया गया। अलिपुर (355), आनंद विहार (359), अशोक विहार (363), बवाना (403), बुराड़ी (376) और करणी सिंह शूटिंग रेंज (342) जैसे कई इलाकों में हवा की स्थिति बेहद खराब है।
शुक्रवार को इस मौसम की सबसे ठंडी रात
दिल्ली में शुक्रवार को इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी और न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बृहस्पतिवार को भी यहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस ही था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है।