अब जापानी फल से महकेंगे हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के बगीचे

13 Dec 2025 12:05:30

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में अब चंबा जिले के बागवानों के बगीचे जापानी फल से महकेंगे। ऊटीप क्षेत्र के बागवान चैन सिंह के बगीचे में इसका ट्रायल सफल हुआ है। अब अच्छी पैदावार और बेहतर दाम मिलने से अन्य बागवान भी जापानी फल के पौधों की मांग कर रहे हैं।बागवान चैन सिंह ने बताया कि जापानी फल का आकार बेहतर है। स्वाद भी बेहतरीन और बाजार में दाम भी ऊंचे मिल रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने जापानी अखरोट और कीवी के पौधे भी लगाए हैं, जिनमें भी फल आना शुरू हो गए हैं। उनकी यह सफलता अन्य बागवानों के लिए भी नई उम्मीद लेकर आई है।

सेब, नाशपाती के मुकाबले जापानी फल का रेट अधिक

उधर, जापानी फल में बागवानों की बढ़ती रुचि को देखते हुए उद्यान विभाग चंबा ने कुल्लू से 600 जापानी फल के पौधे मंगवाए हैं। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह का कहना है कि जितनी मांग आएगी, उसके हिसाब से पौधों की सप्लाई भेजी जाएगी। बागवानों की रुचि को देखते हुए यह फल चंबा में तेजी से विस्तार कर सकता है। जापानी फल के पौधों की मांग मुख्य रूप से चंबा, भटियात, मैहला और सलूणी क्षेत्रों से आई है। सेब, नाशपाती के मुकाबले जापानी फल का रेट अधिक है, इसलिए भी बागवानों की रुचि इसमें बनी है।

 

 

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0