चंडीगढ़ में 38वें गुलदाऊदी शो का भव्य आगाज, 260 किस्मों के फूलों से महका टैरेस्ड गार्डन

20 Dec 2025 11:05:50

नई दिल्ली।चंडीगढ़ में तीन दिनों तक चलने वाले 38वां गुलदाऊदी शो का आगाज हो गया है। सेक्टर-33 स्थित टैरेस्ड गार्डन में नगर निगम द्वारा आयोजित इस शो का उद्घाटन चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया। इस अवसर पर चीफ सेक्रेटरी, होम सेक्रेटरी, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस वर्ष गुलदाऊदी शो में लगभग 260 किस्मों के गुलदाऊदी फूल प्रदर्शित किए गए हैं। शो के दौरान अलग-अलग रंगों, आकारों और प्रजातियों के फूलों को देखने के लिए पहले ही दिन बड़ी संख्या में शहरवासी और पर्यटक पहुंचे। टैरेस्ड गार्डन को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण मनमोहक नजर आ रहा है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

 शो के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें घरों के गार्डन में तैयार किए गए खूबसूरत गमलों को भी शामिल किया गया। दर्शकों की सुविधा के लिए फूड स्टॉल लगाए गए, जहां परिवार और बच्चे समय बिता सकें। युवाओं को आकर्षित करने के लिए एक विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जो लोगों को बेहद पसंद आ रहा है।   

नगर निगम की खास पहल

 इस बारे में नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने बताया, इस बार गुलदाऊदी शो में कई नई गतिविधियां जोड़ी गई हैं। निगम की ओर से सूचना और जागरूकता से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए हैं, ताकि लोग नगर निगम की सेवाओं की जानकारी ले सकें। नगर निगम की आर्थिक स्थिति बेहतर होने के कारण इस बार शो का पूरा खर्च निगम ने स्वयं वहन किया है।

 

 

 

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0