
नई दिल्ली।भारत में सर्दियों का मौसम फलों को उगाने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। इस समय की हल्की ठंडक में आप गार्डन में कई फल के पौधों की ग्राफ्टिंग, लेयरिंग या फिर सीडलिंग लगा सकते हैं। फल वाले पेड़ों को आप एक बार लगाकर कई सालों तक फलों की हार्वेस्टिंग कर सकते हैं। यदि आप इस सर्दी में अपने स्वयं के फल उगाना चाहते हैं और जानना चाहते हैं, कि सर्दियों में लगाए जाने वाले फल कौन-कौन हैं, तो हमारा यह लेख आपके बहुत काम आने वाला है, जिसमें हम आपको सर्दी के मौसम के फल की जानकारी देंगे।
सर्दी के मौसम के फल
आमतौर पर सर्दी फलों को उगाने की अनुकूल स्थितियाँ जैसे ठंडा तापमान, नमी, कीटों से सुरक्षा और लंबा ग्रोइंग सीजन आदि प्रदान करती है। यह स्थितियां फल के पौधों को उगने और ग्रोथ करने में मदद कर सकती हैं।आइए जानते हैं सर्दी के मौसम के फल के बारे में, जिन्हें आप अपने होम गार्डन के गमलों में लगा सकते हैं। ठंड के मौसम में उगने वाले फल निम्न हैं।
अनार
अनार सर्दी के मौसम के फलों में से एक है, जिसे आप इस विंटर अपने होम गार्डन के गमले में लगा सकते हैं। अनार का पौधा झाड़ीदार होता है, जिसे आप 15 X 15 इंच (W X H) या 18 X 18 इंच साइज के ग्रो बैग में लगा सकते हैं।यह पौधा पूर्ण सूर्य और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में उगता है।
स्ट्रॉबेरी
सर्दियों में स्ट्रॉबेरी को गमले या ग्रो बैग में उगाना सबसे अच्छा होता है। इसे उगाने के लिए आप कम से कम 9 से 10 इंच गहराई तथा 10 से 12 इंच चौड़ाई वाले ग्रो बैग का इस्तेमाल कर सकते हैं। स्ट्रॉबेरी का पौधा कुछ अम्लीय (6.0-6.5 पीएच), उपजाऊ, अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में ग्रोथ करता है। पौधे को अच्छी तरह से बढ़ने के लिए पूरी धूप और नम मिट्टी की आवश्यकता होती है।
पपीता
पपीता एक उष्णकटिबंधीय फल है, जो विटामिन ए और सी, फाइबर और पपेन जैसे एंजाइमों से भरपूर होता है। यह फल न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद होता है। आमतौर पर पपीता गर्म जलवायु में उगता है, लेकिन कई क्षेत्रों में सर्दियाँ इसे उगने के लिए आदर्श परिस्थितियाँ प्रदान करती हैं।
अमरूद
अमरूद सर्दियों में लगाए जाने वाले फलों में से एक है, जो विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। घर पर अमरूद को लगाने के लिए आप 18 X 18 इंच (W X H) के ग्रो बैग का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह पौधे ठंडे तापमान को सहन कर सकते हैं।
अंजीर
अंजीर सर्दियों के मौसम में उगाने के लिए एक अच्छा फल है, जो बेहद स्वादिष्ट और फाइबर, विटामिन और खनिजों का अच्छा स्रोत है। अंजीर विभिन्न प्रकार की जलवायु में उग सकते हैं। यह पौधे शीत हार्डी होते हैं और ठंडे तापमान को भी सहन कर सकते हैं।
अंगूर
अंगूर ठंड के मौसम में उगने वाले फलों में से एक है, जिसे बीज या कटिंग दोनों से उगाया जा सकता है। यह पौधा बेल के रूप में विकसित होता है, जिसे आप रस्सी या क्रीपर नेट की मदद से उगा सकते हैं। एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन से भरपूर अंगूर लगाने के लिए आप 15 से 18 इंच के ग्रो बैग का इस्तेमाल कर सकते हैं।