गार्डनिंग में संतरे के छिलकों का उपयोग कैसे करें, जानें तरीके

26 Dec 2025 13:23:59


नई दिल्ली।क्या आपने कभी सोचा है कि जो संतरे के छिलके हम रोज कूड़े में फेंक देते हैं, वही यह आपके बगीचे को नई जान दे सकते हैं? प्रकृति ने हर चीज को किसी न किसी रूप में उपयोगी बनाया है और संतरे के छिलके इसका सबसे सुंदर उदाहरण हैं। इनमें मौजूद पोषक तत्व मिट्टी को पोषक तत्वों से युक्त करते हैं, और बगीचे में प्राकृतिक ताजगी भर देते हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि पौधों के लिए संतरे के छिलके का उपयोग कैसे करें तो यह आर्टीकल आपके लिए महत्वपुर्ण है।

संतरे के छिलकों में कौन से पोषक तत्व पाये जाते हैं

संतरे के छिलकों में कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो पौधों और मिट्टी दोनों के लिए फायदेमंद हैं। इनमें विटामिन C, कैल्शियम, फॉस्फोरस, पोटैशियम, और नाइट्रोजन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व पौधों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं और उनकी वृद्धि को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, संतरे के छिलकों में मौजूद प्राकृतिक तेल मिट्टी की नमी बनाए रखते हैं और कीटों को दूर रखते हैं।

बागवानी में संतरे के छिलके उपयोग करने के तरीके

संतरे के छिलके सिर्फ कचरा नहीं हैं, बल्कि ये बागवानी के लिए एक प्राकृतिक वरदान हैं। इनमें कई तरह के पोषक तत्व और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं जो पौधों की वृद्धि, मिट्टी की गुणवत्ता और बगीचे की ताजगी को बढ़ाते हैं।

छिलकों को मिट्टी में मिक्स करें

संतरे के सूखे छिलकों को बारीक पीसकर मिट्टी में मिलाने से पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इनमें नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे तत्व होते हैं जो पौधों की बढ़वार में मदद करते हैं। यह मिट्टी की उर्वरता बढ़ाते हैं और पौधों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं।

खाद बनाते समय मिलाएं

अगर आप घर पर खाद बनाते हैं, तो उसमें संतरे के छिलके जरूर डालें। ये जल्दी सड़ते हैं और खाद की गुणवत्ता को बेहतर बनाते हैं। छिलकों में मौजूद विटामिन C और अन्य प्राकृतिक तत्व मिट्टी को पोषक बनाते हैं।

कीटों को हटाने में

संतरे के छिलकों की महक कई कीड़ों, मच्छरों और चींटियों को पसंद नहीं होती। आप छिलकों का पानी बनाकर पौधों पर छिड़क सकते हैं।इससे कीट दूर रहते हैं। यह एक प्राकृतिक कीटनाशक की तरह काम करता है।

पौधों की जड़ों को मजबूत करने में             

संतरे के छिलकों का पाउडर पानी में मिलाकर जड़ों के पास डालें। इससे पौधों को पोषण मिलता है और जड़ें मजबूत होती हैं। छिलकों में मौजूद प्राकृतिक तत्व पौधों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाते हैं।

 पौधों के पत्तों की चमक बढ़ाने के लिए

संतरे के छिलकों का पानी बनाकर पत्तियों पर स्प्रे करें या कपड़े से साफ करें। इससे पत्तियों पर जमी धूल हटती है और उनकी चमक वापस आती है।

 

 

 

 

 

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0