ग्लोबल हुआ उत्तर प्रदेश का दशहरी आम

    17-Jun-2025
Total Views |

उत्तर प्रदेश का दशहरी आम अप देश ही नहीं दुनिया में लोगों की पसंद बनता जा रहा है। राज्य सरकार के बागवानी निर्यात को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत पहली बार 1,200 किलो दशहरी आम (400 बॉक्स, प्रत्येक 3 किलो का) दुबई भेजा गया है।

इस तरह उत्तर प्रदेश के दशहरी आम ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली है। इस ऐतिहासिक कदम से प्रदेश के आम किसानों के लिए नई संभावनाओं के दरवाजे खुलेंगे। आमों की यह खेप लखनऊ के मैंगो पैक हाउस से दुबई स्थित इम्पोर्टर Vergro Trading LLC को एयरलिफ्ट की गई है। खबर के मुताबिक आमों की इस खेप कुल कीमत लगभग 2,992 अमेरिकी डॉलर है। इस मौके पर राज्य के हॉर्टिकल्चर, एग्री मार्केटिंग और कृषि विदेशी व्यापार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने खेप को 16/06/25 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राज्य के बागवानी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश से आम का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश के आम किसानों को वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान दिलाई जाए। इसके लिए सरकार उत्पादन, पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने के लिए हर संभव सहायता दे रही है।” उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों की आय बढ़ाने में मददगार होगी और उत्तर प्रदेश को आम के निर्यात के क्षेत्र में एक सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। इससे न सिर्फ प्रदेश के आम को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी, बल्कि गांवों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।