इंडो इस्राइल नर्सरी के पौधों को कीटनाशक की जरूरत नहीं

20 Jan 2026 15:48:17

महराजगंज।उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद की इंडो इस्राइल नर्सरी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल आधी आबादी की तकदीर बदल रहा है। महराजगंज जिले के दो विकास खंडों में संचालित इस नर्सरी के पौधे की जबरदस्त मांग है। यहां मिलने वाले विशेष तकनीक से तैयार पौधे भरपूर उत्पादन दे रहे हैं। साथ ही फसल सुरक्षित रखने के लिए कीटनाशक का उपयोग भी किसानों को नहीं करना पड़ता है। जनपद में इंडो इस्राइल उत्कृष्टता केंद्र की मदद से जनपद के दो विकास खंड में तैयार हुई। इस हाईटेक नर्सरी का निर्माण मनरेगा से उद्यान विभाग ने 2,58,07600 रुपये की लागत से कराया। एक नर्सरी निचलौल के बसुली में 1,29,03,800 रुपये से बनी वहीं दूसरी सदर के विजयपुर में गत वर्ष हैंड ओवर की गई। अब इस नर्सरी में विशेष तकनीकी से पौधे उगाए जा रहे हैं। यहां तैयार सब्जियों के पौधे किसानों को बेहतर उत्पादन दे रहे हैं।

समूह में फैली है उम्मीद की रोशनी

इंडो इस्राइल नर्सरी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल में विशेष तकनीक से शुरुआती चरण में सब्जियों के पौधे तैयार किए गए। इसमें नेनुआ, मिर्च व टमाटर के पौधे नवंबर व दिसम्बर में तैयार कराए गए। यहां पौधों को कोकोपीट, परलाइट और वर्मी कोलाइट जैसी सामग्री मिलाकर पालीहाउस में तय तापमान पर रखा जाता है। 30 दिनों के अंदर जब पौधे तैयार हो जाते हैं तब इन्हें किसानों को बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिया जाता है। किसानों को प्रति पौध एक रुपये तो विभागों को 2 रुपये प्रति पौध उपलब्ध कराया जाता है।

 

 

 

 

 

 


Powered By Sangraha 9.0