सूखे के कारण सेब के पौधों में रोग के लक्षण दिखने लगे, बागवान हुए परेशान

22 Jan 2026 14:43:37



शिमला।हिमाचल प्रदेश में लगातार सूखे और बर्फबारी नहीं होने से बागवानों पर संकट का बादल छाया हुआ है। लंबे समय से पर्याप्त बारिश नहीं होने से मिट्टी में नमी की भारी कमी आ गई है। इससे सेब के पौधों पर प्रतिकूल असर दिखाई देने लगा है। बागवानों का कहना है कि कई बगीचों में सेब के पौधों की टहनियों पर लाल रंग आ गया है, जबकि तनों पर तेल जैसे धब्बे नजर आ रहे हैं। ये किसी रोग के प्रकोप या फिर पोषक तत्वों की कमी के लक्षण हैं।

सेब उत्पादन में कमी आएगी।

हिमाचल प्रदेश सेब उत्पादन के लिए जाना जाता है लेकिन इस बार सेब उत्पादन में कमी आएगी। सूखे की स्थिति के चलते पौधों की जड़ें कमजोर हो रही हैं। जिससे उनका विकास रुक गया है। इसका सीधा प्रभाव न केवल मौजूदा बगीचों पर पड़ रहा है, बल्कि आने वाली फसलों पर भी खतरा मंडराने लगा है।

बागवानों ने की जांच की मांग

असमय बारिश, कभी ओलावृष्टि और कभी लंबे समय तक पड़ने वाला सूखा बागवानी को लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए बागवानों ने बागवानी विभाग से मांग की है कि विशेषज्ञ को भेजकर सेब के पौधों में दिख रहे लक्षणों की जांच करें और उचित दिशा-निर्देश जारी करें।
Powered By Sangraha 9.0