बागवानी विकास के लिए 2180.87 लाख की कार्ययोजना तैयार

29 Jan 2026 15:09:07


धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में बागवानी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में आयोजित एकीकृत बागवानी विकास मिशन की बैठक हुई। इसमें 2180.87 लाख रुपये की वार्षिक कार्ययोजना को हरी झंडी देकर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेज गया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य जिले में आधुनिक खेती, यंत्रीकरण और किसानों की आय में वृद्धि करना है।

फलों की नई और वैज्ञानिक किस्मों का प्रदर्शन

योजना के तहत 206 लाख रुपये की लागत से जिले के विभिन्न विकास खंडों में 11 अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन उद्यान स्थापित किए जाएंगे। 25-25 कनाल के इन आधुनिक उद्यानों में फलों की नई और वैज्ञानिक किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि स्थानीय किसान उन्नत तकनीकों को करीब से देख और सीख सकें।

बागवानी का मिलेगा बढ़ावा

जिला उद्यान उप निदेशक डॉ. कमल शील नेगी ने कार्ययोजना के प्रमुख बिंदुओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि संरक्षित खेती के तहत 690 लाख रुपये से फूलों और सब्जियों की आधुनिक खेती के लिए 1.18 लाख वर्गमीटर क्षेत्र को कवर किया जाएगा। 505 लाख रुपये से श्रमिकों की कमी को दूर करने और खेती में दक्षता बढ़ाने के लिए बागवानी मशीनों को बढ़ावा दिया जाएगा।

 

 


Powered By Sangraha 9.0