अयोध्या।कहते है ना कुछ करने की ललक हो तो मुश्किल काम को भी आसान बनाया जा सकता है। इसी तरह का एक उदहारण मिला है उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में, दरअसल जिले में तारुन विकासखंड के ग्राम सिहोरिया में राजित राम ने अपनी मेहनत से 4.09 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद की बागवानी की है। इससे उन्हें बेहतर कमाई हो रही है। इस उपलब्धि के कारण राजित राम अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गए है।
20 टन अमरूद का करते है उत्पादन
किसान राजित राम बताते है कि इस सीजन में 4.09 हेक्टेयर क्षेत्र में अमरूद व शिमला मिर्च की फसल लगाई। इसमें ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग, इंटरक्रॉपिंग और स्टेप क्रॉपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का भरपूर उपयोग किया गया। सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के कारण पानी की बचत हुई और फसल की गुणवत्ता बेहतर बनी। उत्पादन में 20 टन अमरूद और 14 टन शिमला मिर्च शामिल थी।
शाकभाजी प्रदर्शनी में मिला सम्मान
अयोध्या जिले के प्रगतिशील किसान राजित राम की इस सफलता को राज्य स्तर पर भी सराहा गया। जन भवन में आयोजित फल-फूल एवं शाकभाजी प्रदर्शनी में उन्होंने भाग लिया, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनकी पीठ थपथपाई और उन्हें सम्मानित किया। यह सम्मान उनके नवाचारपूर्ण कार्य और किसानों की आय बढ़ाने में योगदान के लिए दिया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ऐसे किसान प्रदेश की प्रगति के प्रतीक हैं और सरकार किसानों की बेहतरी के लिए निरंतर प्रयासरत है।