कृषि प्रदर्शनी में 8 राज्यों के किसान-बागवान हुए शामिल

    17-Feb-2026
Total Views |

सिरसा।हरियाणा के सिरसा रोड स्थित उत्तरी क्षेत्र में कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय कृषि दर्शन का समापन सोमवार को किया गया। इस कार्यक्रम में आठ राज्यों के करीब पौने दो लाख किसानों ने भाग लिया। प्रदर्शनी में 320 कंपनियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए, जिनमें कृषि मशीनरी, ड्रोन, सिंचाई उपकरण, बीज, सोलर पैनल, खाद, ट्रैक्टर, टूल्स, बागवानी, प्राकृतिक व जैविक खेती, कृषि ऋण और पशु आहार से जुड़ी तकनीकों पर विशेष जानकारी दी गई।

कृषि-बागवानी तकनीक की जानकारी दी गई

इस प्रदर्शनी में हरियाणा के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, दिल्ली, और राजस्थान के किसान बागवान शामिल है।मेले में किसानों और बागवानों को सोलर ऊर्जा के फायदे और सब्सिडी, पराली से आय व पर्यावरण संरक्षण, खारे पानी में खेती, मिट्टी की गुणवत्ता सुधार, खेती की समस्याओं के समाधान, विशेष छूट योजनाएं, कृषि ऋण सुविधा, उन्नत बीज, कीटनाशक व उर्वरक, आधुनिक कृषि यंत्र, इरिगेशन, ग्रीनहाउस, पंप व पाइप तकनीक की विस्तृत जानकारी दी गई।

बागवानी विशेषज्ञ हुए शामिल

इस प्रदर्शनी में भारत के अलावा नीदरलैंड के कृषि और बागवानी विशेषज्ञ भी शामिल हुए।, जो मशीन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने यहां प्रदर्शित कृषि मशीनों के बारे में जानकारी ली और भारत में इस्तेमाल हो रही तकनीकों, खासकर ट्रैक्टर, कंबाइन और सिंचाई मशीनों को लेकर विशेष रुचि दिखाई।