
शिमला।हिमाचल प्रदेश के नौहराधार क्षेत्र में हाल ही में हुई अच्छी बर्फबारी और बारिश के बाद नौहराधार क्षेत्र में बागवानी कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। लंबे अरसे बाद सूखे के कारण बागवानों के अधिकांश कार्य ठप पड़े थे। अब पर्याप्त नमी मिलने से बागवान नए पौधरोपण, बगीचों में गुड़ाई, खाद व गोबर डालने जैसे कार्यों में जुट गए हैं।
फलदार पौधे की बागवानी
बागवानों का कहना है कि नौहराधार क्षेत्र में सेब के साथ-साथ आड़ू, प्लम, खुमानी और कीवी जैसे फलदार पौधों की खेती लगातार बढ़ रही है। मौसम अनुकूल होने के चलते इस समय नए पौधे लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है। विशेषकर क्षेत्र में नए आड़ू के पौधों का रोपण जोरों पर चल रहा है।
पौधों की कटिंग और प्रूनिंग की कार्य जारी
इसके अलावा बगीचों में पौधों की कटिंग और प्रूनिंग का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि आने वाले मौसम में अच्छी पैदावार सुनिश्चित की जा सके। बहरहाल अच्छी बारिश और बर्फबारी के बाद नौहराधार क्षेत्र के बागवान अपने खेत-बगीचों में पूरी तरह व्यस्त नजर आ रहे हैं।