शिमला।हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के विकास खंड बंगाणा के अंतर्गत एचपी शिवा परियोजना के क्लस्टरों में केंद्रीय विद्यालय सलोह के छात्रों की ओर से शनिवार को एक प्रेरणादायक शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक जानकारी से जोड़ना था। इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय की कक्षा पांचवीं के लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
छात्रों को फलदार पौधे की बागवानी की जानकारी दी गई
बच्चों ने विकास खंड बंगाणा के विभिन्न क्लस्टरों एवं बगीचों का दौरा किया, जिनमें गांव खोली स्थित अनार की प्रथम पंक्ति प्रदर्शन स्थल, गांव बौल में स्थापित ड्रैगन फ्रूट तथा गांव बल्ह में अमरूद के क्लस्टर शामिल रहे। उद्यान विभाग की ओर से उद्यान प्रसार अधिकारी मोहम्मद अरशद एवं अनुपम शर्मा ने विद्यार्थियों को विभाग की विभिन्न योजनाओं, गतिविधियों तथा फल-पौधों से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से प्रदान की। छात्रों को अनार की उन्नत किस्मों, पौधरोपण, देखभाल एवं उत्पादन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।