गुजरात की नौकरी छोड़ यह किसान कर रहा है एप्पल बेर की बागवानी

    09-Feb-2026
Total Views |


एटा। उत्तर प्रदेश के एटा कस्बा के गांव महमूदपुर नगरिया निवासी किसान चंद्रपाल ने परंपरागत खेती से हटकर एप्पल बेर की बागवानी की है। इससे उन्हें बेहतर कमाई हो रही है। चंद्रपाल की सफलता अन्य किसानों के लिए प्रेरणा से कम नही है। चंद्रपाल सिंह पहले गुजरात की एक निजी कंपनी में एक क्वालिटी इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।

गुजरात से मिली बागवानी की प्रेरणा

गुजरात में एप्पल बेर की बड़े पैमाने पर खेती होती है। वहां की उन्नत तकनीक व फायदेमंद खेती देखकर उनके मन में गांव की ओर लौटने और कृषि क्षेत्र में कुछ नया करने का विचार आया। कुछ वर्षों पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी और गांव आकर खेती से अपनी नई पहचान बना ली। गांव लौटने के बाद चंद्रपाल सिंह ने अपनी 28 बीघा भूमि में से शुरुआत में 14 बीघा में एप्पल बेर का रोपण किया।

एप्पल बेर की बागवानी से कम खर्च में ज्यादा मुनाफा

चंद्रपाल सिंह के अनुसार एप्पल बेर की खेती कम लागत में अधिक उत्पादन देती है। लगभग तीन वर्ष पूर्व इस फसल की शुरुआत के बाद से ही इसकी आर्थिक उपयोगिता का अहसास होने लगा। एप्पल एक हेक्टेयर में एप्पल बेर की करीब 400 क्विंटल तक पैदावार होती है। लागत निकालकर वह हर वर्ष करीब पांच लाख रुपये की अर्जित कर रहे हैं।