केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अमेरिकी सेब आएगा तो घरेलू किसानों को नहीं होगा नुकसान

    09-Feb-2026
Total Views |

नई दिल्ली।भारत और अमेरिका के ट्रेड डील का मुद्दा थमने का नाम नहीं ले रहा है। घरेलू कृषि उत्पादों को नुकसान पहुंचने की चिंताओं के बीच केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने ऐसे उत्पादों की लिस्ट बताई है, जिनके लिए किसानों को कोई नुकसान नहीं होने वाला है। वहीं, अमेरिकी सेब के लिए बाजार खोले जाने पर उन्होंने नुकसान नहीं होने का गणित समझाया है।

बाहर से  5 लाख टन सेब आयात

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सेब की घरेलू खपत हमारे उत्पादन से पूरी नहीं हो पाती है। हम वैसे भी बाहर से कम से 5 लाख टन सेब आयात करते हैं। घरेलू सेब की कीमत 75 रुपये रहने वाली है और अमेरिका से जो सेब आएगा वह 100 रुपये प्रति किलो होने वाला है। ऐसे में कैसे घरेलू किसानों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि हमने अपने किसानों के हितों को सुरक्षित रखा है।

किसान मोर्चा करेगा प्रदर्शन

अमेरिका के साथ डील पर किसानों को नुकसान होने पर संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के आह्वान पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि देश के ज्यादातर किसान समझते हैं कि यह उनके लिए अच्छा है। हमारे सभी कृषि उत्पादों पर अब हमारे प्रतिस्पर्धियों की तुलना में कम पारस्परिक टैरिफ लगेगा।